Bahraich News: पेड़ से लटका मिला महिला का शव, सोमवार को पड़ोसियों से हुआ विवाद
बहराइच। उत्तर प्रदेश में बहराइच जिले के खैरीघाट क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक महिला का शव पेड़ से लटका हुआ पाया गया। पुलिस ने बताया कि मृतका की पहचान बरुही गांव निवासी रमेश की पत्नी सुनीता (42) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, सुनीता का शव उनके घर से लगभग 500 मीटर दूर भिलौर नामक पेड़ पर उनकी ही साड़ी से बने फंदे से लटका मिला।
ग्रामीणों द्वारा घटना की सूचना दिए जाने पर खैरीघाट के थानाध्यक्ष राशिद अली खान तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की, जिसके पश्चात शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। जांच में पता चला है कि मृतका के पति, रमेश कुमार, परदेश में मजदूरी करते हैं और वर्तमान में घर पर नहीं हैं। उनके सास-ससुर भी अलग रहते हैं।
सूत्रों के अनुसार, सोमवार को बच्चों को लेकर सुनीता का पड़ोसियों के साथ विवाद हुआ था। थानाध्यक्ष राशिद अली खान ने बताया कि इस मामले में अभी तक कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। उन्होंने कहा कि पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी संभावित कोणों से मामले की जांच कर रही है और पड़ोसियों से पूछताछ जारी है।
