भाजपा के सेवा पखवाड़ा में आज से प्रदेश भर में होंगे कार्यक्रम, मुख्यमंत्री योगी लखनऊ में करेंगे प्रदर्शनी का उद्घाटन
हाइलाइट्स-
- 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक सेवा पखवाड़ा
- लखनऊ जीपीओ पार्क में प्रदर्शनी का उद्घाटन
- रक्तदान, स्वच्छता, नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन
- नमो मैराथन और वोकल फॉर लोकल अभियान भी होंगे
- सभी जिलों में मंत्री, सांसद और विधायक रहेंगे सक्रिय
लखनऊ, अमृत विचार: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर से गांधी जयंती 2 अक्टूबर तक भाजपा प्रदेश में सेवा पखवाड़ा मनाएगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को लखनऊ के जीपीओ पार्क में मोदीजी के जीवन पर आधारित प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे। इस मौके पर उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, बृजेश पाठक, संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह और वित्त मंत्री सुरेश खन्ना भी मौजूद रहेंगे।
प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी मुजफ्फरनगर तथा राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह फिरोजाबाद में कार्यक्रमों का नेतृत्व करेंगे। जिला स्तर पर रक्तदान शिविर, स्वच्छता अभियान, नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर, वोकल फॉर लोकल, प्रबुद्ध वर्ग संवाद, चित्रकला प्रतियोगिता और नमो मैराथन जैसे आयोजन होंगे। नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविरों में प्रधानमंत्री का उद्बोधन सीधे प्रसारित किया जाएगा।
प्रदेश महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ल ने बताया कि सेवा पखवाड़ा सेवा ही संगठन के संकल्प के साथ मनाया जा रहा है। इसमें सरकार के मंत्री, सांसद, विधायक, आयोग-निगमों के अध्यक्ष, प्रदेश पदाधिकारी और क्षेत्रीय अध्यक्ष सक्रिय भूमिका निभाएंगे। प्रदेश के प्रमुख मंत्री देवरिया, प्रयागराज, जौनपुर, अलीगढ़, अयोध्या, गाजियाबाद, नोएडा, लखीमपुर खीरी, झांसी, चित्रकूट, सहारनपुर समेत सभी जिलों में अलग-अलग कार्यक्रमों में शामिल होंगे।
यह भी पढ़ेंः हमें नहीं खानी फाइलेरिया की दवा... 86 फीसदी लोगों ने किया दवा लेने से था इंकार, अब मिली सफलता
