बदायूं : खेत पर गए किसान ने गोली मारकर की आत्महत्या
रात में भाई से ट्यूबवैल पर मंगाया था खाना फिर तमंचे से गोली मारकर की आत्महत्या
बदायूं, अमृत विचार। फसल की रखवाली करने खेत पर गए किसान ने गोली मारकर आत्महत्या कर ली। किसान के हाथ में तमंचा मिला। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली बिसौली क्षेत्र के गांव भरतपुर निवासी राम सिंह (50) पुत्र बाबूराम खेतीबाड़ी करके परिवार का पालन पोषण करते थे। वह रोज शाम को छुट्टा पशुओं से फसल की रखवाली करने खेत पर जाते थे और देर रात या सुबह को वापस लौट आते थे। वह ट्यूबवैल पर रुकते थे। मंगलवार शाम उन्होंने घर पर खाना नहीं खाया। वह घर पर खेत पर ट्यूबवैल तक जाने की बात कहकर निकल गए। बोला कि कुछ देर में वापस लौट आएंगे। रात में उन्होंने अपने भाई हीरालाल से खेत पर खाना मंगवाया और ट्यूबवैल पर बैठकर खाया। भाई के वापस लौटने पर उन्होंने तमंचे से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। उनके बेटे संजीव ने उन्हें फोन किया लेकिन फोन नहीं उठा। तो वह ट्यूबवैल पर पहुंचे। जहां खून से लथपथ राम सिंह जमीन पर पड़े थे। उनके हाथ में तमंचा था। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों को उनके आत्महत्या करने के कारण का पता नहीं है।
