UP : बाइकों की टक्कर में दरोगा की मौत, दूसरा दरोगा घायल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

संभल, अमृत विचार। संभल के बहजोई थाना क्षेत्र में दो बाइकों की आमने-सामने से भिड़ंत में एक दरोगा की मौत हो गई। जबकि दूसरे दरोगा सहित दो लोग घायल हुए हैं।

बुधवार देर शाम बहजोई कोतवाली में तैनात दरोगा रहमत अली व दरोगा पीपन सिंह बाइक पर सवार होकर जा रहे थे। इसी दौरान बेहटा जयसिंह चौराहा के निकट सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी बाइक की टक्कर हो गई। हादसे में दरोगा रहमत अली व पीपन सिंह के साथ ही दूसरी बाइक पर सवार ग्रामीण भी बुरी तरह से घायल हो गया। 

तीनों घायलों को बहजोई के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया जहां दरोगा रहमत अली को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। दूसरे दरोगा पीपन सिंह का इलाज किया जा रहा है। जबकि ग्रामीण को भी गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया है। मृतक रहमत अली मूल रूप से गाजीपुर के निवासी थे और फिलहाल बरेली के नकटिया क्षेत्र में सैदपुर खजुरिया में रह रहे थे। उनका परिवार यहीं रहता है।

संबंधित समाचार