जालौन में अन्तर्राज्यीय चोर गिरोह का पर्दाफाश, चोरी के गहनों और अवैध असलहों के साथ 6 गिरफ्तार
जालौन। उत्तर प्रदेश में जालौन जिले के कुठौन्द क्षेत्र में पुलिस पुलिस और स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई में अन्तर्राज्यीय चोर गिरोह के छह सदस्यों को चोरी के गहनों और अवैध असलहों के साथ गिरफ्तार किया गया। पुलिस अधीक्षक डॉक्टर दुर्गेश कुमार ने गुरुवार को बताया कि मुखबिर की सूचना पर पारेन अंडरपास एक्सप्रेसवे के पास घेराबंदी कर छह अन्तर्राज्यीय चोरों को गिरफ्तार किया गया।
तलाशी में उनके पास से चोरी की पीली धातु 60 ग्राम एवं सफेद धातु एक किलो 450 ग्राम, जिसकी कीमत लगभग 8.50 लाख रुपये आंकी गई है, बरामद की गई। इसके अलावा पुलिस ने एक लाख 38 हजार 400 रुपये नकद, दो देशी तमंचे, चार जिंदा कारतूस, चार नाजायज चाकू, एक मोटरसाइकिल तथा सब्बल भी कब्जे में लिए।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में स्वीकार किया है कि वे मध्य प्रदेश के भिण्ड, निवाड़ी, छतरपुर और राजस्थान के बालाजी क्षेत्र में भी चोरी व लूट की घटनाएं अंजाम दे चुके हैं। आरोपियों ने कबूल किया कि वे वारदातों से अर्जित धनराशि व सामान को अपनी जरूरतों और शौक पूरे करने में खर्च करते थे।
फिलहाल पुलिस आरोपियों अनिरुद्ध उर्फ मामा उर्फ राजा (35),धर्मेंद्र उर्फ लाला (24), सुरेंद्र (23),प्रदीप उर्फ नाना (27), शिवम (27) और सत्येंद्र (24) के अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है।
