बदायूं : युवक की गला दबाकर हत्या, पत्नी और उसके मित्र पर रिपोर्ट दर्ज

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

बुधवार रात लगभग आठ बजे पत्नी ने युवक के फंदा लगाने का मचाया था शोर

बदायूं, अमृत विचार : सिविल लाइन कोतवाली क्षेत्र के गांव बहेड़ी निवासी युवक की मौत हो गई। परिजनों ने युवक की पत्नी पर गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। युवक की नाबालिग बहन ने बताया कि उसने गला दबाकर देखा था। आरोपी ने कहा था कि अगर चिल्लाई तो उसे भी मार देगी। फिर पत्नी ने फंदा लगाने का शोर मचाया था। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार युवक की गला दबाकर हत्या की गई थी।

शहर के पास के गांव बहेड़ी निवासी भूपेंद्र (24) गुरुग्राम में रहकर प्राइवेट कंपनी में काम करते थे। चार साल पहले उनकी शादी अलीगढ़ जिले के थाना सहसनी क्षेत्र के गांव शीकुर निवासी राजकुमारी से हुई थी। घर पर उनकी पत्नी राजकुमारी, मां, बहन और बेटा रहते हैं। वह बुधवार को अपने घर आए थे। रात में उनकी मां पोते के साथ घर के बाहर थीं। वहीं घर में भूपेंद्र और उनकी पत्नी राजकुमारी थी। कुछ समय के बाद राजकुमार चिल्लाते हुए घर के बाहर भागीं। शोर मचाया कि भूपेंद्र ने फंदा लगाकर जान दे दी है। परिजन भागकर घर के भीतर गए। भूपेंद्र का शव चारपाई पर पड़ा था। परिजनों ने हिलाया लेकिन कोई हरकत नहीं हुई। परिजन भूपेंद्र को राजकीय मेडिकल कॉलेज ले गए। जहां चिकित्सक ने युवक को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पुलिस पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जहां युवक की नाबालिग बहन ने बताया कि बुधवार रात लगभग 8 बजे वह घर में आईं थी तो भूपेंद्र के कमरे का दरवाजा भीतर से बंद था। काफी देर तक दरवाजा खटखटाने पर भाभी ने थोड़ा दरवाजा खोला।

बहन के अनुसार उसने कमरे के भीतर झांककर देखा तो गांव बहेड़ी निवासी बलवीर भूपेंद्र का गला दबा रहा था। जो भूपेंद्र की पत्नी का कई महीनों से मित्र है। भूपेंद्र की बहन ने चिल्लाने की कोशिश की तो आरोप है कि राजकुमारी ने उसका मुंह दबा दिया और धमकाया कि अगर चिल्लाई तो उसे भी मार देंगे। जिसके बाद बलवीर मौके से भाग गया। वहीं राजकुमारी भी अपने मायके चली गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। जिसमें युवक का गला दबाकर हत्या करने की पुष्टि हुई है। वहीं भूपेंद्र के पैरों पर भी चोट थी। पुलिस ने परिजन की शिकायत पर राजकुमारी और उसके मित्र बलवीर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। सिविल लाइन के प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार ने बताया कि युवक की मौत हुई थी। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। जिसमें गला दबाकर हत्या की पुष्टि हुई है। रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।

संबंधित समाचार