BBAU: बीबीएयू बवाल को लेकर दो रिपोर्ट दर्ज, उपद्रवियों की तलाश शुरू... विश्वविद्यालय प्रशासन ने लगाया सार्वजनिक संपत्ति नुकसान का आरोप
लखनऊ/आशियाना, अमृत विचार: बीबीएयू में विश्वकर्मा पूजा के दिन बुधवार को हुए बवाल पर पुलिस ने अब सख्ती दिखानी शुरू कर दी है। पुलिस ने बुधवार देर रात एक गुट के घायल छात्रों व बीबीएयू के कुलसचिव की तहरीर दो रिपोर्ट दर्ज कर ली हैं। घटना में मारपीट, लूट और तोड़फोड़ की धाराओं में कार्रवाई की जा रही है। इंस्पेक्टर आशियाना छत्रपाल सिंह ने बताया कि नामजद छात्रों की तलाश की जा रही है। कैंपस की सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
विश्वविद्यालय प्रशासन के कुलसचिव डॉ. अश्वनी कुमार ने तहरीर में आरोप लगाया गया कि 17 सितंबर की सुबह करीब 11:30 बजे दो छात्र गुटों के बीच विवाद हो गया था। विवाद बढ़ने पर आक्रोशित छात्रों ने कैंपस में जमकर मारपीट और तोड़फोड़ की। इसमें यूआईटी, प्रॉक्टर कार्यालय और कुलपति सचिवालय को भी नुकसान पहुंचा। प्रशासन ने फिलहाल अज्ञात छात्रों पर रिपोर्ट दर्ज करायी है। उन्होंने पुलिस को घटना में शामिल छात्रों की सूची जांच के बाद उपलब्ध कराने की बात कही है।
वहीं, दूसरी तहरीर पीड़ित छात्रों ने भी पुलिस को दी है। उनका आरोप है कि वह पुस्तकालय की ओर जा रहे थे। तभी करीब 22 छात्रों ने हमला बोल दिया। इनमें अंचित तिवारी, प्रखर राज शुक्ला, युवराज सिंह, शिवम यादव, सौरभ गौर, क्षितिज प्रताप सिंह, कृष्णा श्रीवास्तव समेत कई नाम शामिल हैं। आरोप है कि हमलावरों ने मोबाइल फोन, रुपये व चेन लूट ली। मारपीट में आदेश, रितेश और मृत्युंजय गंभीर रूप से घायल हुए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।
यह भी पढ़ेंः Apple IPhone 17: भारत में आईफोन 17 की बिक्री आज से शुरू, दिल्ली से लेकर मुंबई एपल स्टोर के बाहर लगी भारी भीड़
