बरेली : जलशक्ति मंत्री ने जानीं 115 साल पुराने स्टीम ट्रैक्टर की खूबियां

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

स्वतंत्र देव सिंह ने गुरुवार की शाम कैनाल कॉलोनी का किया निरीक्षण

बरेली, अमृत विचार: जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने गुरुवार की शाम कैनाल कॉलोनी का निरीक्षण किया। वह निरीक्षण के दौरान रुहेलखंड नहर खंड बरेली के कार्यालय गए और वहां ब्रिटिश समय के ट्रैक्टर को देखा। 

रुहेलखंड नहर खंड की टीम से ट्रैक्टर से संबंधित प्रश्न किए। रुहेलखंड के अधिशासी अभियंता सर्वेश सिन्हा एवं सहायक अभियंता अजीत कुमार ने ट्रैक्टर के बारे में विस्तृत रूप में जानकारी देते हुए बताया कि ये एक स्टीम ट्रैक्टर है, जो लगभग 115 साल पुराना है। ब्रिटिश कंपनी ने वर्ष 1905 में केवल 9 ट्रैक्टर ही बनाए गए थे। इसका उपयोग खेत जोतना, फसल कटाई, भारी सामान उठाने में किया जाता था। इस ट्रैक्टर के पहिये लोहे के हैं, जो कि कच्चे खेतों और मिट्टी में आसानी से चल सकते हैं। इसकी क्षमता 4 से 6 हार्स पावर थी। अधिकारियों ने बताया कि यह ट्रैक्टर कोयले से चलता है। जब पूरे विश्व में औद्योगिक क्रांति/कृषि क्रांति आई थी, तब इसका उपयोग भारत में हुआ था। जल शक्ति मंत्री ने बाढ़ खंड बरेली के अधिशासी अभियंता से बाढ़ परियोजनाओं के विषय में जानकारी ली। अधिशासी अभियंता ने बताया कि बाढ़ की परियोजनाओं ने अपने उद्देश्य की पूर्ति कर ली है। सभी गांव बाढ़ से सुरक्षित हैं।

संबंधित समाचार