कमल हत्याकांड: फरार अनमोल कश्यप ने एसएसपी कार्यालय में किया सरेंडर

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार: कटघर थाना क्षेत्र में सात सितंबर को हुए हिस्ट्रीशीटर कमल चौहान हत्याकांड में फरार चल रहा आरोपी अनमोल कश्यप गुरुवार को एसएसपी ऑफिस पहुंचा और हाथ जोड़कर सरेंडर कर दिया। आरोपी ने एसएसपी सतपाल अंतिल से कहा कि उसका नाम मुकदमे में है इसलिए वह गिरफ्तारी देने आया है। एसएसपी ने आरोपी को कटघर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।

थाना कटघर क्षेत्र के दुर्गेश नगर डबल फाटक निवासी कमल चौहान को सात सितंबर की शाम करीब 5:40 बजे दससराय चौकी के पीछे कर्बला के पास गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वह साथी विशाल शर्मा के साथ स्कूटी से घर लौट रहा था। कमल के भाई संजय चौहान ने सनी दिवाकर, मोनू पाल, विक्की दिवाकर, निहाल वाल्मीकि, सुभाष यादव और नकुल यादव के खिलाफ केस दर्ज कराया था। पुलिस ने 9 सितंबर को मुठभेड़ में मुख्य आरोपी सनी दिवाकर को गोली लगने के बाद गिरफ्तार कर लिया था। उसकी पत्नी पूजा को भी जेल भेज दिया था। वहीं सनी के बयान पर लक्की यादव और अनमोल कश्यप का नाम मुकदमे में जोड़ा गया। लक्की यादव ने 12 सितंबर को एसपी देहात के सामने सरेंडर किया था। पुलिस के अनुसार अनमोल कश्यप ने पूछताछ में माना है कि वह वारदात के समय सनी दिवाकर के साथ था। तमंचा छिपाने की बात भी स्वीकार की है। पुलिस उसकी निशानदेही पर हथियार बरामद करने में जुटी है। इस हत्याकांड में अब तक चार आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं, जबकि पांच नामजद फरार बताए जा रहे हैं।

संबंधित समाचार