Gonda News: कृषि वानिकी अपनाकर आय दोगुनी कर सकते हैं किसान, केंद्रीय मंत्री ने किया वृक्ष उत्पादक मेला का शुभारंभ
गोंडा, अमृत विचार। पीएम मोदी के जन्मदिन पर भारतीय वानिकी अनुसंधान एवं शिक्षा परिषद की तरफ से शुक्रवार को वृक्ष उत्पादक मेले का आयोजन किया गया। जिला पंचायत कार्यालय परिसर में आयोजित इस मेले का शुभारंभ केंद्रीय वन पर्यावरण जलवायु और परिवर्तन व विदेश राज्यमंत्री कीर्तिवर्धन सिंह ने किया।
मेले में आए प्रगतिशील किसानों को संबोधित करते हुए केंद्रीय राज्यमंत्री कीर्तिवर्धन सिंह ने कहा कि गोंडा में पहली बार वृक्ष उत्पादक मेला हम लोगों ने करवाया है। हमारा उद्देश्य है कि हमारे यहां के किसान जो साधारण खेती होती है उसके साथ साथ अन्य आय के श्रोत की भी उसकी जानकारी लें ।उसके बारे में देखें क्या हो रहा है। उसका प्रशिक्षण लें और उसको उपयोग में भी लाएं। उन्होने कहा कि प्रधानमंत्री का जो लक्ष्य है कि किसान की आय दुगुनी की जाए उसमें जब हम लोग परंपरागत खेती के अलावा कृषि क्षेत्र में नई सोच नहीं लायेंगे में तब तक खेती में आय नहीं बढ़ पायेगी।

केंद्रीय राज्यमंत्री ने कहा की आप यह जानकार हैरान होंगे कि करीब 60-70 हजार करोड़ की लकड़ी हमें बाहर देशों से लेना पड़ता है। इसमें कपीब 35 हजार करोड़ के सिर्फ बांस हैं जो बाहर से मंगाया जाता है। इसलिए इमारती लकड़ी, बांस, चंदन, मालाबार की एक प्रजाति, सागौन, रेशम व अन्य चीजे हैं उसमें अगर हम लोग काम करने लगे तो वाकई जो प्रधानमंत्री का सपना है कि हमारे किसान की आय बढ़े तो उसमें कोई दिक्कत नहीं होगी। कार्यक्रम को तरबगंज विधायक प्रेम नरायन पांडेय, करनैलगंज विधायक अजय सिंह, एमएलसी अवधेश कुमार सिंह उर्फ मंजू सिंह, मनकापुर विधायक व पूर्व मंत्री रमापति शास्त्री व जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने भी संबोधित किया।
बाजार की उपलब्धता और बिक्री प्रक्रिया को सरल बनाने की मांग
कार्यक्रम में लखीमपुर खीरी जिले के किसान यदुनंदन सिंह ने कहा कि चंदन व सागौन को कृषि वानिकी में शामिल करें और उनके बिक्री की प्रक्रिया को सरल बनाया जाए। उन्होने कहा कि हमारे यहां औषधियों की मंडी नहीं है। फार्मेसी कंपनियां सीधे किसानों से खरीदारी नहीं करती हैं। ऐसी व्यवस्था बने कि कंपनियां सीधे किसानों से खरीद करें। प्रतापगढ़ के प्रगतिशील किसान उत्कर्ष पांडेय ने बिक्री को सुविधाजनक बनाने की मांग की। गाजीपुर के राम भजन राय ने जड़ी बूटियों की खेती आसान लेकिन मार्केट नहीं है। उन्होने भी मार्केट उपलब्ध कराने की मांग की। बांस की खेती करने वाले अयोध्या के किसान राजेंद्र प्रसाद वर्मा ने किसानों को बांस की खेती के लिए प्रोत्साहित किया। साथ ही किसानों को खेती से पहले आय व्यय का ब्योरा रखने की सलाह दी। पीलीभीत के किसान अरविंद सिंह ने भी किसानों से अपने अनुभव साझा किया।

स्टॉल का किया निरीक्षण,कृषि उत्पादों को आरगा ब्रांड से जोड़ने का आवाह्न
मेले का शुभारंभ करने के बाद केंद्रीय राज्यमंत्री ने मेले में लगाए गए विभिन्न स्टॉल्स का निरीक्षण किया स्वयं सहायता समूह की तरफ से बनाए गए उत्पादों की सराहना की। उन्होने इन उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने के लिए उन्हें आरगा ब्रांड से जुड़ने का भी आवाह्न किया। उन्होने कहा इस ब्रांड से जुड़ने के बाद किसानों के उत्पादों को बड़ा बाजार मिल सकेगा।
20 प्रगतिशील किसानों को किया सम्मानित
राज्यमंत्री कीर्तिवर्धन सिंह ने कृषि वानिकी के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने वाले गोंडा समेत विभिन्न जनपदों के 20 किसानों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। सम्मानित होने वाले किसानों में अयोध्या, प्रतापगढ़, पीलीभीत, गाजीपुर व लखीमपुर खीरी जिले के किसान भी शामिल रहे।
कृषि वानिकी पुस्तिका का किया विमोचन
अमृत विचार: केंद्रीय वन पर्यावरण और जलवायु परिवर्तन राज्यमंत्री कीर्तिवर्धन सिंह ने भारतीय वानिकी अनुसंधान एवं शिक्षा परिषद प्रयागराज की एक कृषि वानिकी पुस्तिका का भी विमोचन किया। इस दौरान परिषद के प्रमुख डा संजय सिंह, वरिष्ठ वैज्ञानिक आलोक यादव व वैज्ञानिक डा अनुभा श्रीवास्तव समेत अन्य मौजूद रहे।
