बदायूं : चोर गिरोह के तीन सदस्य मुठभेड़ में गिरफ्तार, माल बरामद
जरीफनगर क्षेत्र में ग्राम पंचायत भवनों और डेयरी से की थी चोरी
बदायूं, अमृत विचार: जरीफनगर पुलिस ने मुठभेड़ के बाद चोरी करने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस को देखते ही आरोपियों ने फायरिंग की थी। पुलिस ने जवाब में फायरिंग की। एक बदमाश के दाहिने पैर में घुटने के नीचे गोली लगी। पुलिस ने घायलों का इलाज कराया। उनके पास से चोरी का माल बरामद हुआ। आरोपियों को जेल भेजा गया है।
कुछ समय से जरीफनगर क्षेत्र की ग्राम पंचायत के भवनों में ताले तोड़कर इंवर्टर, बैट्रे, कंप्यूटर, सीसीटीवी कैमरे आदि और घरों व डेयरी से इंवर्टर, बैट्रे, दूध की रेट मशीन, मोबाइल आदि चोरी की घटनाएं बढ़ी थीं। पीड़ितों की तहरीर पर पुलिस ने 18 सितंबर को अज्ञात में रिपोर्ट दर्ज की थी। एसएसपी के निर्देश पर खुलासे के लिए टीमों का गठन किया गया। गुरुवार रात जरीफनगर थाने के कार्यवाहक प्रभारी सतेंद्र कुमार को सूचना मिली कि गांव करियावेन स्थित डेयरी और गांव जरैठा के पंचायत भवन से चोरी करने वाले लोग सामान बेचने की फिराक में हैं। वह चोरी का सामान लेकर बाइक से कहीं बेचने गांव बागवाले से समसपुर कुबरी लिंक रोड से जाने वाले हैं।
कार्यवाहक प्रभारी मुखबिर के बताए मार्ग पर पहुंचे और बदमाशों की तलाश शुरू की। इसी दौरान एक बदमाश ने जान से मारने की नीयत से पुलिस पर फायरिंग की। पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की। एक बदमाश के दाहिने पैर मे गोली लगी। वह जमीन पर गिर गया। पुलिस ने उसे पकड़ लिया। उसके पास से एक तमंचा, एक जिंदा व तीन खोखा कारतूस मिले। चोरी का कुछ माल बरामद हुआ। उसने अपना नाम जिला संभल के थाना जुनावई क्षेत्र के गांव रजवाना निवासी नेमपाल पुत्र श्रीपाल बताया। पुलिस ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जिसके बाद पुलिस ने उसके साथी उसी के गांव निवासी सत्यदेव पुत्र कल्याण, थाना उघैती क्षेत्र के गांव गुरेठा निवासी जितेश पुत्र रणधीर को भी गिरफ्तार किया। उनके पास से एक डीवीआर मय सीसीटीवी कैमरा, एक इंवर्टर, दूध की रेट वाली मशीन, एक यूपी 24 बीके 5983 नंबर की बाइक और एक फोन बरामद हुआ। गिरफ्तारी करने वाली टीम में कार्यवाहक प्रभारी के साथ निरीक्षक माधव बिष्ट उपनिरीक्षक राजेश कौशिक, धर्वेंद्र सिंह रहे।
बहुत ही ज्यादा शातिर है नेमपाल
मुठभेड़ में पकड़ा गया नेमपाल बहुत ही शातिर किस्म का बदमाश है। उसपर बदायूं के थाना जरीफनगर, सहसवान के अलावा जिला संभल के थाना गुन्नौर, रजपुरा, गौतमबुद्धनगर में आबकारी अधिनियम, चोरी, जानलेवा हमला, धोखाधड़ी, आर्म्स एक्ट, मारपीट, गुंडा एक्ट, चोरी, आयुध अधिनियम के 24 मामले दर्ज हैं। सत्यदेव पर आयुध अधिनियम का एक मामला 2023 में दर्ज हुआ था।
