हमीरपुर: बरेली के जेलर ने संभाली हमीरपुर जेल की कमान, फतेहपुर के डिप्टी जेलर को भी तीन माह के लिए किया गया तैनात

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

बंदी की मौत के बाद निलंबित किए गए थे जेलर और डिप्टी जेलर

हमीरपुर, अमृत विचार। जेल में निरुद्ध बंदी की पिटाई के बाद हुई मौत के मामले में निलंबित हुए जेलर और डिप्टी जेलर के स्थान पर जांच के दौरान बरेली के जेलर और फतेहपुर के डिप्टी जेलर को तीन माह के लिए अस्थाई तौर पर तैनात किया गया है। सदर कोतवाली क्षेत्र के सूरजपुर निवासी अनिल कुमार द्विवेदी पुत्र कृष्ण कुमार द्विवेदी को एससी-एसटी के 10 साल पुराने मामले में 11 सितंबर को न्यायालय में पेश होने के बाद जेल भेजा गया था। 

जेल की कैंटीन में अधिक दामों पर गुटखा बेचने के विरोध पर उसके साथ मारपीट की गई थी। समय पर इलाज न मिलने पर बीते रविवार को उसकी मौत हो गई थी। इस पर परिजनों ने हंगामा काटा था। पत्नी की मांगों को पूरा करने का आश्वासन देने के बाद शव का अंतिम संस्कार किया गया था। 

इस घटना में जेलर जेपी चंदीला, डिप्टी जेलर संगेश कुमार व पुलिस कर्मी अनिल यादव, तीन नम्बरदार दीपक, दिलीप, शफी मुहम्मद, राइटर विनय सिंह व एक अज्ञात के विरुद्ध सदर कोतवाली में हत्या का मामला दर्ज किया गया है। 

जेलर और डिप्टी जेलर को निलंबित कर दिया गया था। इनके स्थान पर जांच पूरी होने तक बरेली के जेलर आनंद कुमार को तीन माह के लिए और फतेहपुर से डिप्टी जेलर केपी सिंह को अस्थाई तौर पर जिला कारागार में तैनात किया गया है।

संबंधित समाचार