Barabanki: स्थापित कराएंगे सरदार पटेल की भव्य प्रतिमा, बोले गोप
सरदार पटेल की विरासत को समर्पित रथ यात्रा का समापन
बाराबंकी, अमृत विचार। सरदार वल्लभभाई पटेल समाजोत्थान ट्रस्ट द्वारा निकाली गई जनपद व्यापी पटेल रथ यात्रा के समापन की पूर्व संध्या पर ग्राम मंजीठा में भव्य कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री अरविंद कुमार सिंह गोप ने सरदार पटेल के योगदान को याद करते हुए कहा कि लौहपुरुष पटेल ने सदैव जाति, धर्म और क्षेत्र से ऊपर उठकर एकता व भाईचारे को मजबूत किया तथा किसानों और युवाओं के हितों की लड़ाई लड़ी।
गोप ने इस अवसर पर ट्रस्ट के कार्यों की सराहना करते हुए घोषणा की कि जनपद में चयनित किसी भी स्थान पर सरदार पटेल की भव्य प्रतिमा वे अपने निजी खर्चे पर स्थापित करवाएंगे। उन्होंने शीघ्र स्थान चयन का अनुरोध भी किया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश कोऑपरेटिव बैंक व डिस्ट्रिक्ट कोऑपरेटिव बैंक बाराबंकी के पूर्व चेयरमैन एवं ट्रस्ट अध्यक्ष धीरेंद्र कुमार वर्मा ने रथ यात्रा के ज़रिए गाँव-गाँव सरदार पटेल की आरती परंपरा स्थापित करने को सामाजिक जनजागरण का प्रभावशाली प्रयास बताया।
कवि सम्मेलन में अम्बरीश अम्बर, अजय प्रधान, प्रदीप महाजन, सनत अनाड़ी सहित कई रचनाकारों ने सरदार पटेल की विरासत पर सुंदर कविताएं प्रस्तुत कीं। कार्यक्म में किसान नेता रामकिशोर पटेल, सुभाष वर्मा, वीरेन्द्र वर्मा, लालता प्रसाद धीमान, अरविंद वर्मा, सौम्या वर्मा, संध्या वर्मा, प्रशांत पटेल समेत बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
