दीपोत्सव-25 : मंत्री जयवीर सिंह बोले- अब तक का सबसे भव्य आयोजन साबित होगा अयोध्या का दीपोत्सव
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार अयोध्या में 18 से 20 अक्टूबर तक होने वाला दीपोत्सव-25 को अब तक का सबसे भव्य आयोजन करने जा रही है। इस बार पारंपरिक दीप प्रज्ज्वलन के साथ-साथ 45 मिनट का मल्टीमीडिया प्रोजेक्शन और लेज़र शो भी सरयू नदी के घाटों पर प्रस्तुत किया जाएगा।
अधिकारियों की मानें तो इस विशेष कार्यक्रम में 100 से अधिक कलाकार शामिल होंगे और रामायण की कथाओं को जीवंत करने के लिए 200 मीटर तक फैली झांकियां भी दिखाई जाएंगी। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप त्रेतायुग की अयोध्या को जीवंत करने के लिए दीपोत्सव-25 को अब तक का सबसे भव्य आयोजन बनाने जा रहे हैं, जो कई नये कीर्तिमान भी बनाएगा।
उन्होंने बताया कि दीपोत्सव-25 भगवान राम की अयोध्या वापसी की खुशी को आधुनिक तकनीक से दोबारा रचेगा। ऐसे में जहां पूरी नगरी रोशनी से जगमगाएगी तो दूसरी ओर सरयू घाट पर 26 लाख से अधिक दीपों को जलाकर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया जाएगा। श्री सिंह ने बताया कि इस भव्य आयोजन के देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालु और पर्यटक साक्षी बनेंगे।
यह आयोजन अब तक के सभी दीपोत्सवों से अधिक भव्य होगा और दर्शकों को अविस्मरणीय अनुभव देने के लिए तैयारियां युद्ध स्तर पर की जा रही हैं। अधिकारियों के मुताबिक़, राम की पैड़ी पर होने वाला 45 मिनट का शो प्रोजेक्शन मैपिंग, लेज़र इफेक्ट्स, आतिशबाज़ी, संगीत और कथावाचन के माध्यम से भगवान राम की गाथा को प्रदर्शित करेगा। इसमें नई दृश्यावलियों, स्टोरीबोर्ड और एनिमेशन का प्रयोग किया जाएगा। इस कार्यक्रम में 100 से अधिक कलाकार हिस्सा लेंगे।
सरयू नदी पर 200 मीटर लंबे क्षेत्र में झांकियों के माध्यम से रामायण के प्रसंगों को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया जाएगा। पर्यटन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि दृश्य तकनीक, कोरियोग्राफी, परिधान, संगीत और कथावाचन का यह संगम दर्शकों को एक अद्वितीय अनुभव देगा। मंच सज्जा और कलाकारों की पोशाकें दीपोत्सव की भावना और परंपरा को और भव्य बनाएंगी।
