लखनऊ मेट्रो का संचालन AI से करने की तैयारी, कर्मचारियों की तैनाती और निर्माण में भी किया जाएगा इस्तेमाल

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचार: लखनऊ में मेट्रो ट्रेन का पूरा संचालन एआई आधारित करने की तैयारी है। निर्माण से लेकर मरम्मत तक में एआई के इस्तेमाल की योजना को अंतिम रूप दिया जा रहा है। कोच्चि मेट्रो की तरह स्टाफ मैनेजमेंट के लिए यहां भी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का इस्तेमाल किया जाएगा।

दरअसल, कोच्चि और दिल्ली में पहले ही मेंटीनेंस, क्राउड मैनेजमेंट, स्टाफ मैनेजमेंट आदि के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के इस्तेमाल की योजना पर काम शुरू हो गया था। कोच्चि में इसका उपयोग भी होने लगा है। लखनऊ मेट्रो को भी अब एआई से सुरक्षित करने की तैयारी है। इसकी वजह लखनऊ में मेट्रो रूट और सेवाओं में बढ़ोतरी को बताया जा रहा है।

मौजूदा समय रोजाना करीब 80 हजार यात्री लखनऊ मेट्रो से सफर करते हैं। फरवरी माह में मेट्रो के ईस्ट-वेस्ट कॉरिडोर का निर्माण कार्य भी शुरू होने वाला है। इस रूट पर मेट्रो ट्रेन का संचालन शुरू होते ही यात्रियों की संख्या तीन लाख के करीब पहुंचने का अनुमान है। यात्रियों की संख्या के हिसाब से संसाधन और कर्मचारी दोनों की संख्या में भी बढ़ोतरी होगी, जिसे एआई से नियंत्रित करना आसान होगा। लखनऊ मेट्रो जनसंपर्क विभाग के ज्वाइंट जनरल मैनेजर पंचानन मिश्रा ने बताया कि मेट्रो में एआई का इस्तेमाल होने से यात्रियों का सफर और आरामदायक होगा। सुरक्षा व्यवस्था भी इसी एआई पर आधारित है।

संचार आधारित ट्रेन नियंत्रण प्रणाली पर हो रहा लखनऊ मेट्रो का संचालन

लखनऊ मेट्रो में अभी संचार आधारित ट्रेन नियंत्रण प्रणाली (सीबीटीएस) का इस्तेमाल हो रहा है। इस प्रणाली से मेट्रो ट्रेन में स्वचालित ब्रेकिंग सुविधा है। जिससे रुकने की जगह का प्वाइंट सेट रहता है, जिससे ट्रेन अपने आप रुक जाती है। यह प्रणाली संचार-आधारित ट्रेन नियंत्रण ( सीबीटीसी ) एक रेलवे सिग्नलिंग प्रणाली है, जो यातायात प्रबंधन और बुनियादी ढांचे के नियंत्रण के लिए ट्रेन और ट्रैक उपकरणों के बीच दूरसंचार का उपयोग करती है। यानी यह कहा जाये कि इस प्रणाली से एक ट्रैक पर दौड़ने वाली दो ट्रेनें आपस में बात करती है तो गलत न होगा। सीबीटीसी पारंपरिक सिग्नलिंग प्रणालियों की तुलना में ट्रेन की स्थिति को अधिक सटीकता से पहचानता है। इससे रेलवे यातायात प्रबंधन अधिक सुरक्षित और कुशल हो सकता है।

यह भी पढ़ेंः अमेठी में शॉर्ट सर्किट से दुकान में लगी भीषण आग, 50 लाख का सामान जलकर राख

 

संबंधित समाचार