Sultanpur News: लंभुआ में बड़ा हादसा... निर्माणाधीन मकान का गिरा लिंटर, तीन की मौत, चार घायल

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

लंभुआ/सुलतानपुर, अमृत विचार: लंभुआ थाना क्षेत्र के धरियामऊ गांव में सोमवार रात दर्दनाक हादसा हो गया। गांव निवासी मनोज गुप्ता के निर्माणाधीन मकान के प्रथम तल का लिंटर अचानक भरभराकर गिर पड़ा। हादसे के समय सात मजदूर वहां काम कर रहे थे, जो मलबे में दब गए।

सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और फायर ब्रिगेड व एसडीआरएफ की मदद से रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। ग्रामीणों के सहयोग से राहत-बचाव कार्य देर रात तीन बजे तक चला। मलबे में दबे सभी सात मजदूरों को बाहर निकाला गया।
इस हादसे में 19 से 23 वर्ष की आयु के तीन युवक – आनंद और विक्रम (दोनों सगे भाई) तथा उनका चचेरा भाई हिमांशु की मौके पर ही मौत हो गई। चार अन्य मजदूरों को घायलावस्था में लंभुआ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां से एक की नाजुक हालत देखते हुए उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।

सभी मृतक और घायल मजदूर पड़ोसी ग्राम सभा अर्जुनपुर के निवासी बताए जा रहे हैं। घटना की जानकारी पर जिलाधिकारी कुमार हर्ष और पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह समेत प्रशासनिक अमला मौके पर मौजूद रहा और खुद राहत-बचाव कार्य की निगरानी की। गांव में शोक की लहर व्याप्त है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

यह भी पढ़ेंः Aligarh Accident: कार और मिनी बस की हुई भीषण टक्कर... 4 लोग जिंदा जले

संबंधित समाचार