बाराबंकी में तेज रफ्तार ने ली तीन लोगों की जान, बैंक प्रबंधक समेत 9 घायल
मृतकों में भाई के गौने पर आई बहन भी शामिल
बाराबंकी, अमृत विचार। मंगलवार का दिन सड़क हादसों से भरा रहा। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि बैंक प्रबंधक सहित नौ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। देवा प्रतिनिधि के अनुसार कुर्सी रोड पर ख़ेवली चौराहा स्थित नरसिंह देव मोड़ के पास सुबह करीब 10 बजे दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर हो गई।
हादसे में 20 वर्षीय मोहम्मद आदिल पुत्र मोहम्मद मुफीस निवासी ग्राम ख़ेवली की मौत हो गई। वहीं दूसरी बाइक पर सवार ग्रामीण बैंक शाखा ख़ेवली के प्रबंधक लखनऊ निवासी अनुराग सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें लखनऊ के निजी अस्पताल रेफर किया गया है।
सफदरगंज प्रतिनिधि के अनुसार क्षेत्र के ग्राम परसा के निकट दोपहर में ट्रक की चपेट में आने से 30 वर्षीय राजकुमारी उर्फ मोती पत्नी सुरेंद्र कुमार निवासी ग्राम कोडरी थाना जहांगीराबाद की मौत हो गई। वह अपने भाई के गौने में शामिल होने मायके आई थीं। मृतका के तीन बेटियां और एक बेटा है। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
हैदरगढ़ प्रतिनिधि के अनुसार क्षेत्र के रनापुर गांव में सुबह चार बजे अज्ञात वाहन ने पीछे से टक्कर मार दी। इस दौरान प्लाई लदी डाला का पंचर पहिया बदल रहे चालक हर्ष जोशी उर्फ अजीत निवासी नाका हिंडोला (लखनऊ) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। पुलिस ने पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
इसी तरह कस्बा हैदरगढ़ निवासी गुड्डू गुप्ता पुत्र कैलाश नाथ गुप्ता 42 वर्ष अपनी पत्नी सैलू गुप्ता 37 वर्ष को लेकर दवा लेने गए थे। वापसी के समय नैपुरा घाट गोमती नदी के पुल तथा करौंदिया चौराहा के बीच अचानक नीलगाय के सामने आ जाने से पति-पत्नी घायल हो गए।
रामसनेहीघाट प्रतिनिधि के अनुसार क्षेत्र के अलियाबाद के नवाबगंज पुल के पास दोपहर करीब 12:30 बजे एक तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर गाड़ी अनियंत्रित होकर खाई में पलट गई। हादसे में टिकवामऊ गांव निवासी मो० सईद, पुच्ची, अली शान, तफसीर अहमद और शोएब अख्तर गंभीर रूप से घायल हो गए।
ग्रामीणों और पुलिस की मदद से सभी को करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। इसी थाना क्षेत्र के सूरजपुर मोड़ पर एक अन्य हादसे में 20 वर्षीय लक्ष्मी, निवासी किठूरी, कार की टक्कर से घायल हो गईं। वह कंप्यूटर कोचिंग से घर लौट रही थीं। उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
