लखीमपुर खीरी : युवती की हत्या मामले में 14 आरोपियों पर गैंगस्टर की कार्रवाई, तीन को दोबारा किया गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

धौरहरा, अमृत विचार। महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण की दिशा में मिशन शक्ति अभियान को मजबूती देते हुए पुलिस ने धर्मांतरण के दबाव में युवती की हत्या के मामले में कड़ी कार्रवाई की है। 14 हत्यारोपियों पर गैंगस्टर एक्ट लगाया गया है। इनमें से तीन आरोपियों को दोबारा गिरफ्तार कर न्यायालय भेजा गया, जबकि बाकी पहले से जेल में बंद हैं।

पढुआ थाना क्षेत्र की युवती को आरोपी शादी का झांसा देकर उत्तराखण्ड ले गया था। वहां उसके साथ दुष्कर्म कर जबरन धर्मांतरण का दबाव बनाया गया। युवती के सख्त इंकार करने पर आरोपी ने अपने 13 साथियों के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी। यह घटना महिला अत्याचार के खिलाफ समाज को जागरूक करने वाली और पुलिस की सख्ती का उदाहरण बन गई। एसपी संकल्प शर्मा के निर्देश पर पुलिस ने मिशन शक्ति के तहत गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई की। 

पुलिस ने जमानत पर छूटकर आए आरोपी मकबूल, मजलूमा और गफूर को दोबारा गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने सभी को न्यायालय में पेश किया, जहां से कोर्ट ने तीनों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक विवेक उपाध्याय ने कहा कि ऐसी सख्त कानूनी कार्रवाई महिलाओं को सुरक्षा का भरोसा देती है और महिला सशक्तिकरण की दिशा में मजबूत संदेश देती है।

पहले से जेल में यह आरोपी हैं बंद
आसिफ उर्फ छोटू, शमशाद, जुबेर, जिब्राइल, रज्जब, चंदा पत्नी रज्जब, दिलशाद, सलमान, पुत्तू, सफीक और गुलिस्तान पत्नी सलमान निवासी गौरिया अभी जिला जेल में ही निरुद्ध हैं। इन सभी का रिमांड न्यायालय को भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि महिला अपराधों पर कठोर कार्रवाई से न केवल अपराधियों में भय पैदा होता है बल्कि महिलाओं को न्याय पाने का आत्मविश्वास भी मिलता है, जो महिला सशक्तिकरण का महत्वपूर्ण कदम है।

संबंधित समाचार