कानपुर: चांदी की चमक से चौंधिया समूचा सराफा बाज़ार, तोड़ा अब तक सारा रिकार्ड, जानिए आज की कीमत
कानपुर। चांदी के भाव की चमक से समूचा सराफा बाज़ार चौंधिया गया है। गुरुवार को कानपुर सराफा बाज़ार में चांदी अपने ऊंचे भाव के सभी रिकार्ड ध्वस्त करती हुई 1,40,800 रुपए किलो पर पहुंच गई। मुनाफे के मामले में इसने सोने को भी पीछे छोड़ दिया। किसी भी निवेश योजना ने इतना रिटर्न नहीं दिया।
एक महीने पहले चांदी 1,19,800 रुपए किलो और नौ महीने पहले 88,600 रुपए किलो थी। जाहिर है कि एक महीने में 21 हज़ार और नौ महीने में 61,600 रुपए का मुनाफा हुआ। सोना एक महीने पहले 1,03,100 रुपए और नौ महीने पहले 78,600 रुपए का 10 ग्राम था। इस तरह सोने पर एक महीने में लगभग 13 हज़ार और नौ महीने में कोई 28 हज़ार मुनाफा। बिल्कुल स्पष्ट है कि सोने के मुकाबले चांदी पर निवेश ज्यादा मुनाफे का सौदा साबित हुआ।
यही कारण है अब चांदी पर सट्टा ज्यादा लग रहा और यह भी दाम बढ़ोतरी का एक कारण बताया जा रहा है। गुरुवार को सोना 1,16,700 रुपए रहा, जो एक दिन पहले 1,17,250 का 10 ग्राम था।उत्तर प्रदेश सराफा एसोसिएशन के मंत्री रामकिशोर मिश्र का कहना है कि ज़बरदस्त औद्योगिक और त्यौहारी मांग के कारण चांदी के भाव चरम पर हैं। दीवाली तक और बढ़ सकते हैं।
यूं इतरा रही चांदी..
25 अगस्त को 1,19,800, 30 अगस्त 1,24,200, 5 सितंबर को 1,27,000, 12 सितंबर को 1,31,500, 17 सितंबर को 1,30,500, 24 सितंबर को 1,39,300 और अब 25 सितंबर को 1,40,800 रुपए किलो। 1 जनवरी 2025 को थी 88,600 रुपए किलो।
हल्की मूर्तियां और गहने
कारोबारी राजेंद्र शुक्ल ने बताया कि महंगी होती चांदी के बीच धनतेरस और दीवाली के लिए अब हल्की पायल, बिछिया, कड़े, लच्छे, कमरपेटी और अंगूठी, सिक्के,गणेश-लक्ष्मी की मूर्तियां और बर्तन तैयार किए जा रहे हैं।
