सुलतानपुर के अखंडनगर में दर्दनाक हादसा, कार में फंसे की मौत, परिजनों में कोहराम
अखंडनगर/सुलतानपुर, अमृत विचार। अखंडनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में शुक्रवार दोपहर एंबुलेंस डायल 102 के पायलट आलोक कुमार तिवारी का साढ़े तीन वर्षीय पुत्र आर्थव तिवारी की कार में फंसकर मौत हो गई।
बच्चे ने अपनी आर्टिका कार की चाबी लेकर करीब 200 मीटर दूर हीरालाल मौर्या के अहाते में खड़ी कार खोलकर उसमें बैठ गया, जबकि कार का शीशा बंद था। मां दमिनी तिवारी, जो कि एम्बुलेंस 102 पर एमटी के पद पर कार्यरत हैं, लगभग 3 बजे से बच्चे को खोजती रहीं, लेकिन कोई पता नहीं चला।
पिता आलोक तिवारी उस समय मरीज लेने गए थे। वहां एक व्यक्ति के घर लगे सीसीटीवी में देखा गया तो पता चला कि बच्चा कार में जाकर बैठा है। करीब 4 बजे शाम को पिता ने कार खोलकर बच्चे को निकाला और बेहोशी की हालत में सीएचसी लेकर भागा।
सीएचसी के डॉ सतेन्द्र सिंह, डॉ. विष्णु स्वरूप यादव और डॉ. सुधीर कुमार बरनवाल ने बचाने का प्रयास किया, लेकिन बच्चे को बचाया नहीं जा सका। सूचना पर थाना प्रभारी दीपक कुशवाहा भी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। परिजनों ने विधिक कार्रवाई न करने का निर्णय लिया और शव को रामगंज पास खरगीपुर गांव, थाना पीपरपुर, जिला अमेठी ले गए। घटना की खबर सुनकर पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
