एके-47 लेकर गलियों में घूमे तीन लोग कैमरे में कैद, वीडियो वायरल होने से स्थानीय लोगों में दहशत
लखनऊ, अमृत विचार: ठाकुरगंज की रिफा कालोनी में एके-47 लेकर तीन लोगों के घूमने का वीडियो शनिवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। देर रात मोहल्ले की गलियों में घूमते लोग दूसरे के घरों में झांकी-तांकी कर रहे हैं। वीडियो में देखकर इलाके में दहशत फैल गई। स्थानीय लोगों ने सीसी फुटेज देखकर पुलिस को सूचित किया। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। ठाकुरगंज इंस्पेक्टर ओमवीर सिंह ने बताया कि कन्नौज पुलिस सादे कपड़ों में एक अपराधी की तलाश में आई थी और थाने को सूचित किए बिना ही कार्रवाई कर रही थी।
वायरल वीडियो में तीन लोग अंधेरे में घूमते हुए दिखाई दे रहे हैं। आगे चल रहा युवक टार्च लेकर घरों की तरफ देख रहा है, जबकि पीछे चल रहे दो युवकों में से एक के कंधे पर एके-47 लटकी हुई है और उसने ट्रिगर पर अंगुली रखी हुई है। तीनों गलियों में तेजी से चलते हुए किसी की तलाश कर रहे हैं। सादे कपड़ों में मोहल्ले में घूमते इन लोगों को देखकर स्थानीय लोगों में डर फैल गया, क्योंकि उनके साथ कोई वर्दीधारी पुलिसकर्मी नहीं था। स्थानीय लोगों का कहना है कि इन लोगों ने मोहल्ले की कई गलियों में जांच-पड़ताल की और बाद में सड़क के रास्ते निकल गए।
वीडियो वायरल होने पर यह मामला पुलिस तक पहुंचा। पुलिस ने जांच-पड़ताल के साथ ही लोगों से किसी तरह की अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की। इंस्पेक्टर का कहना है कि सादे कपड़ों में घूमते दिख रहे लोग पुलिस के थे, जो कन्नौज से किसी अपराधी की तलाश में आए थे। कन्नौज से आई पुलिस टीम ने पहले से कोई सूचना नहीं दी थी। अगर वे सूचना देते तो थाने से भी उन्हें पुलिस बल उपलब्ध कराया जाता। सादे कपड़ों में आई टीम में एक सीओ स्तर के अधिकारी के अलावा कई अन्य लोग शामिल थे।
लोग बोले यह तो विभागीय लापरवाही है
स्थानीय लोगों ने कहा कि इस तरह से पुराने लखनऊ में घूम रहे हैं। उन्हें देखकर कोई भी घटना घटित हो सकती थी। अगर सादे कपड़ों में पुलिस को आना तो किसी पुलिसकर्मी को वर्दी में लाते। जिससे लोगों में डर न पैदा होता। यह तो विभागीय लापरवाही है, जो वीडियो वायरल होने के बाद सामने आई है।
