12 दिसंबर को मुरादाबाद आएंगे सीएम योगी, प्रशासन चौकन्ना
अमृत विचार, मुरादाबाद। शनिवार को सीएम योगी आदित्यनाथ के आगमन के दौरान शहर की यातायात व्यवस्था में परिवर्तन किया गया है। शनिवार को दोपहर 12 बजे से शाम पांच बजे तक मुख्य मार्ग का रूट डायवर्ट रहेगा। एसपी ट्रैफिक अशोक कुमार सिंह के अनुसार शनिवार को दोपहर 12 बजे से बिजनौर और हरिद्वार की ओर …
अमृत विचार, मुरादाबाद। शनिवार को सीएम योगी आदित्यनाथ के आगमन के दौरान शहर की यातायात व्यवस्था में परिवर्तन किया गया है। शनिवार को दोपहर 12 बजे से शाम पांच बजे तक मुख्य मार्ग का रूट डायवर्ट रहेगा। एसपी ट्रैफिक अशोक कुमार सिंह के अनुसार शनिवार को दोपहर 12 बजे से बिजनौर और हरिद्वार की ओर से मुरादाबाद की तरफ आने वाली रोडवेज बसे किले तिराहा तक आयेगी और यहीं से वापस जाएंगी।
इसके अलावा बिजनौर और हरिद्वार की ओर से रामपुर, बरेली, काशीपुर जाने वाली रोडवेज बसे शेरूवा चौराहा/डेन्टल कालेज कट होते हुए जायेगे। वहीं माल वाहक पास धारक वाहन निर्धारित समय के अनुसार हनुमान मूर्ति तिराहा से रेलवे माल गोदाम तक आएंगे और वापस जाएंगे। जबकि दिल्ली रोड और कांठ से नगर क्षेत्र में आने वाले माल वाहक पास धारक वाहन पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेंगे।
वहीं रूट डायवर्जन से पहले प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह सुबह दस बजे महानगर अध्यक्ष व मंडल अध्यक्ष के साथ बैठक करेंगे। इसके बाद सुबह 11 बजे वह पूरे मंडल के प्रभारियों संग बैठक करेंगे। दोपहर दो बजे वह जिलाध्यक्ष व मंत्री व समस्त विधायकों संग बैठक करेंगे।
केवल पास धारकों को ही मिलेगी मुख्यमंत्री से मिलने की अनुमति
सूबे के मुखिया योगी आदित्यनाथ के आगमन को लेकर पुलिस-प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट हो गया है। आनन-फानन में अफसरों ने सुरक्षा का खाका तैयार कर लिया है। हेलीपैड से उतरने के बाद सर्किट हाउस तक सभी रास्तों पर पुलिस का सख्त पहरा रहेगा। सर्किट हाउस में सुबह 10 बजे से कार्यक्रम के समापन तक सुरक्षा व्यवस्था में तीन एएसपी तैनात रहेंगे। इसके अलावा चप्पे-चप्पे पर भारी फोर्स मौजूद रहेगी। केवल मुख्यमंत्री कार्यालय से जारी सूची वाले पास धारकों को मुख्यमंत्री से मिलने की अनुमति होगी।
यहां पर मुख्यमंत्री पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। प्लान के तहत डीएम व एसएसपी ने सर्किट हाउस पहुंचकर पूरी व्यवस्था की जानकारी ली और जरूरी दिशा-निर्देश दिए। वहीं शुक्रवार की शाम आईजी ने ड्यूटी पर लगाए गए पुलिस कर्मियों को पुलिस लाइन में ब्रीफ किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह शनिवार को मुरादाबाद में रहेंगे, हालांकि पहले मुख्यमंत्री के आने का कार्यक्रम तय न होने के कारण अफसर असमंजस में थे। शुक्रवार की शाम जैसे ही उनके आने की सुगबुगाहट पुख्ता हुई तो अफसर अलर्ट हो गए। कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री का उड़नखटोला दोपहर करीब दो बजे सर्किट हाउस में बने हेलीपैड पर उतरेगा। यहां से वह कार से बैठक स्थल तक पहुंचेंगे। करीब ढाई घंटे तक वह पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ रहेंगे। इस दौरान वह मुख्यमंत्री कार्यालय से जारी सूची वाले पासधारकों से मुलाकात करेंगे।
सर्किट हाउस में वह पश्चिमी उत्तर प्रदेश के भाजपा पदाधिकारियों व मंडल के जन प्रतिनिधियों के साथ बैठक करेंगे। करीब ढाई घंटे यहां पर रहने के बाद वह गाजियाबाद रवाना हो जाएंगे। इसकी जानकारी होने के बाद स्थानीय पुलिस-प्रशासन अलर्ट हो गया। डीएम राकेश कुमार सिंह व एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने सर्किट हाउस पहुंचकर पूरी व्यवस्थाएं देखी। आनन-फानन में पेड़ों की कटाई-छंटाई का काम शुरू हो गया। डीएम ने अधीनस्थों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए। इस मौके पर सीडीओ आनंद वर्धन, एडीएम वित्त एवं राजस्व प्रीती जायसवाल, एडीएम सिटी राजेन्द्र सिंह सेंगर और सिटी मजिस्ट्रेट एमपी सिंह आदि मौजूद रहे।
त्रिस्तरीय घेरे पर रहेंगे मुख्यमंत्री
कृषि बिल के विरोध में देश में चल रहे किसानों के आंदोलन के कारण मुख्यमंत्री के आगमन के दौरान सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त रहेंगे। सुरक्षा के त्रिस्तरीय घेरे पर सीएम रहेंगे। इस दौरान दिल्ली मार्ग पर आने-जाने वाहनों पर कड़ी निगरानी रहेगी। केवल पास धारकों को मुख्यमंत्री से मिलने की अनुमति होगी।
पुलिस लाइन में आईजी ने किया ब्रीफ
कार्यक्रम मिलने के बाद पुलिस-प्रशासनिक अफसरों ने सुरक्षा का प्लान भी तैयार कर लिया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सुरक्षा में भारी पुलिस बल मौजूद रहेगा। सर्किट हाउस में सुबह दस बजे से तीन अपर पुलिस अधीक्षक सुरक्षा में तैनात हो जाएंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री की सुरक्षा में आठ सीओ, 58 इंस्पेक्टर, 120 दरोगा और 425 सिपाही मुस्तैद रहेंगे। सुरक्षा का प्लान तैयार होने के बाद शुक्रवार की शाम आईजी रमित शर्मा व एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने पुलिस लाइन में सभी पुलिस कर्मियों को ब्रीफ किया। हर गतिविधि पर नजर रखने के निर्देश दिए।
