बिजनौर में बड़ा हादसा : पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट, तीन श्रमिक घायल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद/ बिजनौर। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद मंडल के बिजनौर जिले में नहटौर थाना क्षेत्र के गांव किशनपुर स्थित पटाखा फैक्ट्री में रविवार सुबह लगभग 7.30 बजे जोरदार धमाका हुआ, जिसके कारण तीन श्रमिक घायल हो गये। इस घटना की जानकारी मिलने पर दमकल विभाग और पुलिस की राहत एवं बचाव टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया और घायलों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया।

पुलिस क्षेत्राधिकारी भय कुमार पांडे ने रविवार को बताया कि थाना नहटौर क्षेत्र के गांव सीकरी खुर्द के जंगल में स्थित पटाखा फैक्ट्री का लाइसेंस गांव निवासी भूदेव सिंह के नाम है। लाइसेंस की वैधता पांच सितंबर 2029 तक है। आज़ सुबह बारुद फैक्ट्री में तेज़ धमाका हुआ, जिससे आशीष, बालेश निवासी किशनपुर भोगन तथा सीकरी खुर्द निवासी अरुण समेत तीन श्रमिक झुलस गए।

सूचना मिलने पर पुलिस और दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंच कर स्थिति का निरीक्षण किया तथा श्रमिकों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। ग्रामीणों द्वारा घटना की सूचना पर पुलिस व फायर ब्रिगेड की टीम ने घायल श्रमिकों को बाहर निकाला तथा आग पर काबू पाया। मौके पर स्थिति सामान्य है।  

संबंधित समाचार