कानपुर : बारिश ने धोया पहला मैच, भारत ए और ऑस्ट्रेलिया के बीच ग्रीनपार्क में खेला जाने वाला मैच रद
सुबह से हो रही बारिश बनी रोढ़ा, शाम 5 बजे ऑफिशियल की गई घोषणा
कानपुर, अमृत विचार। भारत ए और ऑस्ट्रेलिया ए के बीच ग्रीनपार्क में मंगलवार को खेला जाने वाला एक दिवसीय मैच बारिश की भेंट चढ़ गया। मैच के उद्घाटन के पहले ही शुरू हुई झमाझम बारिश ने मैदान को पानी से भर दिया। तेज बारिश के बीच मैदान को कवर किया गया, लेकिन देर शाम तक बारिश बंद नहीं होने की वजह से शाम 5 बजे आफिशियली रूप से मैद रद कर दिया गया।
इस तरह बिना सीरीज के उद्घाटन और बिना टॉस हुए ही दोनों टीम के खिलाड़ी और प्रशंसक ग्रीनपार्क से वापस लौट गए। भारत ए और ऑस्ट्रेलिया ए के बीच दोपहर 1.30 बजे से मैच शुरू होना था। मंगलवार को सुबह से ही रुक-रुककर बारिश हो रही थी, लेकिन 11 बजे मौसम साफ हो गया। जिसके बाद भारत ए और ऑस्ट्रेलिया ए की टीमें दोपहर 12 बजे स्टेडियम पहुंचकर अभ्यास में जुट गईं। मैदान में दर्शकों की एंट्री भी शुरू हो गई थी लेकिन, 12.45 बजे एक बार फिर से शुरू हुई तेज बारिश के बीच मैदान को फिर से कवर कर दिया गया।
दोपहर 1.10 मिनट पर मैच का उद्घाटन होना था इसके लिए विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना, सांसद रमेश अवस्थी और महापौर प्रमिला पांडेय मैच के उद्घाटन के लिए मैदान पर पहुंचे उनके साथ यूपीसीए की मीडिया कमेटी के चेयरमैन व वैन्यू डॉयरेक्टर डॉ. संजय कपूर व अन्य अधिकारी रहे। लगातार हो रही बारिश के चलते मैच का उद्घाटन नहीं हो सका। बारिश की बौछारों ने मैदान के हर कोने को डुबो दिया।

दोपहर करीब 2.30 मिनट पर बारिश हल्की हुई तो पिच क्यूरेटर शिवकुमार ने पूरे मैदान का निरीक्षण किया इसके साथ ही अंपायरों अजितेश अरगल और तन्मय श्रीवास्तव ने भी मैदान को देखा। थोड़ी ही देर में बारिश फिर से तेज हो गई। लगातार हो रही बारिश के बीच शाम 4 बजे भारत ए और ऑस्ट्रेलिया ए की टीमों ने ड्रेसिंग रूम छोड़ दिया और होटल के लिए निकल गईं। मैच रेफरी संजय वर्मा ने शाम 5 बजे औपचारिक रूप से मैच रद किए जाने का ऐलान किया। दिनभर हुई बारिश के चलते भारत ए और ऑस्ट्रेलिया ए के बीच खेला जाने वाला पहला एक दिवसीय मैच बिना टॉस उछाले ही रद कर दिया गया।
बारिश ने दर्शकों का उत्साह किया फीका
मैच को देखने के लिए कानपुर के युवा और क्रिकेट प्रशंसक ग्रीनपार्क पहुंचे। उत्साह के बीच मैदान में एंट्री भी की। संजीव नगर से मैच देखने आए श्रेयांश ने कहा कि श्रेयश अय्यर को देखने आए हैं। वहीं, काकादेव के चंद्रजीत ने कहा कि क्रिकेट कानपुर में हो तो जरूर आता हूं। उन्होंने कहा कि अपनी टीम का उत्साह बढ़ाने आए हैं। टीपी नगर से आईं नंदिनी और चंद्रलिका ने कहा कि पूरे परिवार के साथ इंडिया ए की टीम को सपोर्ट करने आए थे, लेकिन मैच न होने की वजह से निराशा है।

भीगते और ठंडाते रहे स्कूली बच्चे
मैच में भीड़ को लाने के उद्देश्य से आयोजकों ने करीब 2.5 हजार स्कूली बच्चों को मैदान पर बुलाया था। मीडिया गैलेरी के बगल से ही बनी स्टूडेंट गैलेरी में बच्चों को बैठाया लेकिन इस बीच शुरू हुई तेज बारिश के बीच स्कूली बच्चे भीगते रहे। लेकिन किसी ने सुध नहीं ली। काफी देर भीगने के बाद जब बच्चों से रहा नहीं गया तो वह सभी मैदान से निकलकर बाहर बारिश से बचने का रास्ता खोजते रहे।
सितंबर में पहले भी बारिश में धुले मैच
सितम्बर के महीने में बारिश और क्रिकेट का गहरा नाता रहा है। बीते 8 वर्षों में ग्रीनपार्क के मैदान में सितम्बर महीने में आयोजित सभी मैचों में बारिश का साया रहा। साल 2024 में बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट मैच भी सितम्बर में खेला गया जो तीन दिनों तक बारिश की भेट चढ़ा। बहुचर्चित टी-20 प्रतियोगिता जो साल 2023 में खेली गयी थी उसमें भी लीग के कई मैच वर्षा से प्रभावित रहे। वर्ष 2016 के सितम्बंर महीने खेला गया भारत और न्यूजीलैण्ड के बीच टेस्ट मैच के दो दिन बारिश की भेंट चढ़ गए थे।
