बरेली बवाल : मौलाना के करीबी डॉ. नफीस और बेटा फरहान समेत 81 गिरफ्तार, दो को मुठभेड़ में पकड़ा
बरेली, अमृत विचार। मौलाना तौकीर रजा के सबसे करीबी और बवाल कराने के आरोपी डॉ. नफीस और उनके बेटे फरहान को पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। शुक्रवार को हुए बवाल के बाद से अब तक 81 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। बुधवार को ही आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।
एसएसपी अनुराग आर्य ने जानकारी दी कि फोकस इसी बात पर है कि जो लोग प्रदर्शन के दौरान भीड़ जुटाने की कवायद में जुटे थे या बवाल के दौरान हिंसा की उनको चिन्हित कर गिरफ्तार किया जाए। अभी तक की जांच में बता चला है कि शुक्रवार की सुबह मौलाना ने वीडियो जारी कर प्रदर्शन निरस्त नहीं किए जाने की जानकारी दी।
फिर आईएमसी के पदाधिकारियों ने मैसेज फैलाया कि जुमा की नमाज 1 बजे होगी और फिर इस्लामिया में इकट्ठा होंगे। भीड़ को इस्लामिया में जुटाने के लिए नमाज का वक्त भी बदला गया। जिससे पता चलता है कि सब कुछ साजिश के तहत किया गया।
उन्होंने बताया कि बवाल के बाद मंगलवार तक 73 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। बुधवार को आठ और आरोपी गिरफ्तार कर जेल भेजे गए। जिसमें दो आरोपियों को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया गया। ये दोनों ही शाहजहांपुर के रहने वाले हैं। इन्हें आईएमसी नेता नदीम ने बरेली बुलाया था। थाना कोतवाली ने डॉ. नफीस और उनके बेटे फरहान को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। कुल 81 आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं।
ये भी पढ़ें-बरेली बवाल : इस्लामिया पास लूटी थी सिपाही से एंटी रायट गन, दो बदमाश मुठभेड़ में गिरफ्तार
