कानपुर : जयपुरिया निर्माणाधीन पुल पर एप्रोच रोड का काम नहीं हो सका पूरा, डीएम से किए वादे पर खरा नहीं उतारा सेतु निगम

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

कानपुर, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम के अधिकारियों ने 16 सितंबर को जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह से निर्माणाधीन जयपुरिया पुल की एप्रोच रोड 30 सितंबर तक बनाने का वादा किया था, तब साथ में लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता भी शामिल थे। लेकिन अपने इस वादे पर सेतु निगम के अधिकारी खरे नहीं उतर सके और न ही सेतु निगम के अधिकारी तीन अक्टूबर तक एप्रोच रोड बना सके, जिसकी वजह से पुल अभी हवा में है। बावजूद इसके सेतु निगम के अधिकारी पुल का कार्य 98 फीसदी होने का दावा कर रहे हैं। 

जयपुरिया क्रासिंग पर हर 15 से 20 मिनट में लगने वाले जाम से राहत दिलाने के लिए यहां पर करीब 992 मीटर लंबे रेलवे ओवर ब्रिज (पुल) का निर्माण किया जा रहा है, ताकि मॉल रोड, फूलबाग, सागर मार्केट, घंटाघर, शिवाला समेत आदि क्षेत्र से वाहन सवार लोगों को सत्ती चौराहा, सर्किट हाउस, शुक्लागंज, कोयलाघाट, कैंट, जाजमऊ समेत आदि जगहों पर आवागमन में दिक्कत का सामना न करना पड़े। 

लेकिन सेतु निगम के अधिकारियों व निर्माण कंपनी द्वारा धीमी गति से किए जा रहे कार्य की वजह से लोगों का इंतजार और बढ़ता जा रहा है, जिसकी जमीनी हकीकत जानने के लिए 16 सितंबर को जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने जयपुरिया क्रासिंग पर निर्माण कार्यों का जायजा लिया था, तब राजकीय सेतु निगम के अधिकारियों ने जिलाधिकारी को बताया था कि 30 सितंबर तक एप्रोच मार्ग पूरा हो जाएगा। 

जिलाधिकारी ने निर्देश दिया था कि दीपावली से पहले जनप्रतिनिधियों से पुल का लोकार्पण कराकर इसको जनता की सुविधा के लिए खोला जाए। लेकिन अभी तक अप्रोच रोड का ही कार्य पूरा नहीं हो सका है। मिट्टी को बराबर करने समेत आदि कार्य किए जा रहे हैं। वहीं, अभी दूसरी साइड भी सड़क का निर्माण नहीं हो सका है। इससे साफ जाहिर है कि दीपावली से पहले जयपुरिया पुल का लोकार्पण नहीं हो सकता। 

निर्माण पूरा होने की कई बार बदली है तारिख 

जयपुरिया क्रासिंग पर पुल बनने का कार्य वर्ष 2021 में शुरू हुआ था, जो वर्ष 2023 तक पूरा होना था, लेकिन पूरा नहीं हो सका। इसके बाद सेतु निगम ने वर्ष 2024 तक पूरा होने का दावा किया था, लेकिन अफसोस वर्ष 2024 तक पुल का निर्माण नहीं हो सका, यहां तक की रेलवे का काम तक नहीं हुआ था। इसके बाद पुल का निर्माण कार्य 2025 जून माह में पूरा हो जाने का दावा किया जा रहा था, लेकिन अभी भी निर्माण कार्य किया जा रहा है। अब 15 अक्टूबर तक कार्य पूरा होने का दावा सेतु निगम के अधिकारियों की ओर से किया जा रहा है। 

जयपुरिया पुल पर एप्रोच रोड बनाने के लिए मिट्टी दबा दी गई है और कंक्रिट आदि का कार्य हो रहा है। डिवाइडर पर सेफ्टी जाली लगाने और बिजली पोल का कार्य हो रहा है। बारिश की वजह से थोड़ा विलंब हुआ है। 15 अक्टूबर तक कार्य पूरा करने को कहा गया है... सुरेंद्र कुमार सुमन, उप परियोजना प्रबंधक।

संबंधित समाचार