Festive Season: GST घटते ही वाहन बिक्री में तेज उछाल, 10,090 कार और मोटर बाइक बिके

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

11 दिन में बिके 11,388 वाहन

नीरज मिश्र, लखनऊ, अमृत विचार: जीएसटी कम होने के साथ ही वाहन बाजार में बिक्री बढ़ गई है। 22 सितंबर से दो अक्टूबर तक 10 दिनों में 11,388 वाहनों की खरीद की गई। इनमें सबसे अधिक 6,129 दोपहिया वाहन बिके। इसी अवधि में 3,961 कारों की बिक्री हुई।

नवरात्र के प्रथम दिन से केंद्र सरकार की ओर से जीएसटी की कम की गई नवीन दरें लागू कर दी गई थीं। इसका नतीजा लखनऊ के वाहन बाजार पर देखने को मिला। राजधानी में गाड़ियों के शोरूम में बहार आ गई है। हाल यह है कि वाहनों की रफ्तार की तरह ही उनकी बढ़ती ''बिक्री'' भी फर्राटा भर रही है। वाहनों की इस बंपर बिक्री में सभी सिगमेंट की गाड़ियां हैं। इनमें अकेले मोटर कार और दोपहिया वाहनों की संख्या 10,090 है। अभी दीपावली समेत पंच दिवसीय त्योहार बाकी हैं। इनसे सरकार ने करीब 47, 24,03,950 करोड़ का राजस्व भी जुटाया है।

वाहनों के प्रकार- संख्या
मोटर साइकिल स्कूटर- 6,129
मोटर कार- 3,961
एग्रीकल्चर ट्रैक्टर- 24
एंबुलेंस- 01
बस- 05
कंस्ट्रक्शन उपकरण वाहन- 24
ई-रिक्शा विद कार्ट गुड्स- 45
ई-रिक्शा पैसेंजर- 134
गुड्स कैरियर- 139
हारवेस्टर- 01
मैक्सी कैब- 09
मोपेड टाइप गाड़ियां- 28
मोटर कैब- 334
न्यू रजिस्ट्रेशन(डीलर)- 36
थ्री व्हीलर गुड्स- 30
थ्री व्हीलर यात्री- 488
कुल बिके वाहनों की संख्या- 11,388

वाहनों की संख्या में तेज इजाफा दर्ज किया गया है। इलेक्ट्रिक वाहनों में तो टैक्स की दर शून्य है। इससे राजस्व अभी और बढ़ने के आसार हैं। नवरात्र के प्रथम दिन से लेकर दो अक्टूबर तक करीब 11,388 वाहन शहर के विभिन्न शोरूम से बिके हैं। दीपावली तक के लिए लोगों ने अग्रिम बुकिंग करा रखी है।
प्रदीप कुमार सिंह, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी ( प्रशासन)

लखनऊ देवां रोड एआरटीओ कार्यालय और ट्रांसपोर्टनगर आरटीओ कार्यालय के अंर्तगत पंजीकृत किए गए वाहनों की संख्या है। जीएसटी कम होने से वाहन बिक्री में जबरदस्त उछाल आया है। लखनऊ को ही 47, 24,03,950 करोड़ का राजस्व प्राप्त हुआ है। अभी दीपावली शेष है। आने वाले इस पंचदिवसीय त्योहार में वाहनों की बिक्री का आंकड़ा और बड़ा होगा।
संजय तिवारी, संभागीय परिवहन अधिकारी

संबंधित समाचार