प्रतिबंधित कफ सिरप की तलाश में पांच मेडिकल स्टोर्स पर छापे, FSDA की टीम ने 10 नमूने भी किए एकत्र

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचार: मेसर्स श्रेसन फार्मास्यूटिकल की कोल्ड्रिफ कफ सिरप के सेवन से राजस्थान और मध्य प्रदेश में कई बच्चों की मौत होने के प्रकरण में शासन सख्त है। प्रदेश भर में इस सिरप की बिक्री पर रोक लगाई गई। लखनऊ में प्रतिबंधित कफ सिरप की बिक्री की जानकारी के लिए खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने सोमवार को लोहिया संस्थान और एसजीपीजीआई के पास के पांच मेडिकल स्टोर में छापेमारे। कहीं भी प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद नहीं हुआ है। कंपनी के दूसरे कफ सिरप बरामद हुए हैं। जिसकी गुणवत्ता परखने के लिए जांच कराई गई है।

कोल्ड्रिफ कफ सिरप के सेवन से राजस्थान और मध्य प्रदेश में कई बच्चों की मौत प्रकरण का संज्ञान जिलाधिकारी और एफएसडीए के सहायक आयुक्त ने लिया। इसके बाद सहायक आयुक्त ब्रजेश कुमार ने ड्रग इंस्पेक्टर संदेश मौर्या और विवेक कुमार के नेतृत्व में टीमें बनाकर छापेमारी अभियान चलाने के निर्देश दिए। सोमवार से अभियान की शुरुआत हुई।

सहायक आयुक्त ब्रजेश कुमार ने बताया कि गोमतीनगर स्थित लोहिया संस्थान के आस-पास के तीन मेडिकल स्टोर में छापेमारी की गई। इससे दवा बाजार में हड़कंप मच गया। कई मेडिकल स्टोर ताला लगाकर चले गए। टीमों ने लोहिया संस्थान के मेडिकल स्टोर की जांच की। मेडिकल स्टोर व लोहिया के एचआरएफ स्टोर में कोल्ड्रिफ कफ सिरप नहीं मिला। इसके बाद पीजीआई के आस-पास दो मेडिकल स्टोर में छापेमारी की गई। सहायक आयुक्त ने बताया कि किसी भी मेडिकल स्टोर में प्रतिबंधित कफ सिरप नहीं मिला है। मेसर्स श्रेसन फार्मास्यूटिकल के दूसरे कफ सिरप मिले हैं। इसकी गुणवत्ता परखने के लिए 10 नमूने एकत्र किए गए हैं। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इन मेडिकल स्टोर में छापेमारी

लोहिया संस्थान के निकट

-मेसर्स अवध फार्मेसी
-मेसर्स पूर्वांचल मेडिकल्स
-मेसर्स मोहन मेडिकल्स

पीजीआई के निकट

-मेसर्स ओम मेडिकल्स
-मेसर्स बीर मेडिकल स्टोर

संबंधित समाचार