बरातघर सील : नक्शा नहीं था पास, 1200 वर्ग मीटर में बनाया बेग मैरिज हाल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। शहर में हुए बवाल के बाद से बरेली विकास प्राधिकरण अलर्ट मोड पर है। वहीं सोमवार को शहर में बीडीए की ओर से की गई एक के बाद एक पांच कार्रवाई से शहरी क्षेत्र के लोगों में खलबली मच गई है, लेकिन शहर में सबसे अधिक चर्चा फरीदापुर चौधरी स्थित सपा के पूर्व पार्षद वाजिद बेग के बरातघर बेग मैरिज हाल पर सीलिंग कार्रवाई की रही। चर्चा है कि शहर में 26 सितंबर को हुए बवाल से चार दिन पहले बेग मैरिज हाल में बड़ी बैठक हुई थी। इस बैठक में ही बवाल को लेकर रणनीति तैयार की गई थी प्रमुख लोगों को अलग-अलग जिम्मेदारी सौंपी गई थी। इस बैठक में स्थानीय लोगों को शामिल नहीं होने दिया गया था।

बरेली विकास प्राधिकरण ने सोमवार को सबसे पहले फरीदापुर चौधरी में बने सपा के पूर्व पार्षद वाजिद बेग पुत्र हुसैन बेग के बेग मैरिज हाल को सील किया। दोपहर करीब दो बजे जैसे ही भारी पुलिस फोर्स के साथ बीडीए का काफिला यहां पहुंचा तो लोगों की भीड़ उमड़ना आरंभ हो गई। फरीदापुर चौधरी की एक गली में 1200 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में बने आलीशान बेग मैरिज हाल को करोड़ों रुपये की लागत से बनाया गया था। इसका निर्माण करीब 6 माह पूर्व ही पूरा हुआ है। बीडीए से इस बरातघर के निर्माण से पूर्व नक्शा भी स्वीकृत नहीं कराया था। मुख्य गेट पर ताले को तोड़कर बीडीए की टीम ने अंदर जाकर जांच की। इसके बाद मुख्य द्वार को सील कर दिया गया। बीडीए के अफसरों ने बताया कि कुछ माह पूर्व बरातघर संचालकों को नोटिस जारी किया गया था, लेकिन सुध नहीं ली। इसके बाद बीडीए ने सीलिंग की कार्रवाई की है।

उधर, बीडीए की कार्रवाई के दौरान मौके पर जुटे स्थानीय लोगों ने बताया कि शहर में हुए शहर में हुए बवाल से चार दिन पहले बड़ी संख्या में लोग बेग मैरिज हाल में एकत्रित हुए थे। पहले लगा कोई समारोह है, लेकिन अन्य कोई इंतजाम नहीं हुए तो आसपास के लोगों ने जानकारी करनी चाही, लेकिन बाहरी लोगों को इस बैठक में शामिल नहीं होने दिया गया। चर्चा है कि इस बैठक में ही शहर में बवाल कराने की रणनीति तैयार हुई थी और सभी को अलग-अलग जिम्मेदारी सौंपी गई थी।

दो मंजिला भवन, आलिशान गुंबद बेग मैरिज
सपा के पूर्व पार्षद का फरीदापुर चौधरी में एक गली में बना बेग मैरिज हाल बाहर से देखने पर भले ही छोटा प्रतीत हो रहा है, लेकिन इसके अंदर प्रवेश करते ही दो मंजिला गुंबदनुमा भवन और दो बड़े हाल के साथ ही पांच से अधिक कमरे बने हुए हैं। इसके साथ ही एक लॉन और गार्डन भी बना हुआ है।

मोहनपुर ठिरिया में जिम और वर्कशॉप सील
इस कार्रवाई के तहत बीडीए ने वीर सावरकर नगर में नाजिर खान के कार गैरेज और कोहाड़ापीर में सपा पार्षद कय्यूम खान उर्फ मुन्ना की ई-स्कूटी एजेंसी को भी सील किया। दोनों ही निर्माण नक्शा पास न कराकर बनाए गए थे और पूर्व में चेतावनी के बावजूद संचालन जारी रखा गया था। बीडीए की टीम वीर सावरकर नगर में कार्रवाई के बाद कैंट थाना क्षेत्र में पहुंची। यहां मोहनपुर ठिरिया में जाकिर प्रधान द्वारा लगभग 300 वर्ग मीटर में टीन शेड डालकर जिम का संचालन किया जा रहा था। टीम ने सील कर दिया। इसके साथ ही इरफान द्वारा लगभग 500 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में लंबे समय से अवैध रूप से वर्कशाप का संचालन किया जा रहा था। इसको भी बीडीए की टीम ने सील कर दिया है।
वर्जन

नक्शा स्वीकृत न कराना या फिर मानकों की अनदेखी कर निर्माण करने पर कार्रवाई की जा रही है। सोमवार को भी इसी क्रम में कार्रवाई हुई है। सभी से अपील है कि कोई भी निर्माण कराने से पहले बीडीए से स्वीकृति अवश्य लें। अनियमितता मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
मनिकंडन ए, उपाध्यक्ष, बीडीए

मेरा तौकीर रजा से कोई संबंध नहीं : सपा पार्षद
ई- स्कूटी शोरूम के संचालक सपा पार्षद अब्दुल कयूम खां ''''मुन्ना'''' ने कहा कि कार्रवाई से पहले बीडीए ने उन्हें कोई नोटिस नहीं दिया। मौलाना का करीबी समझकर अचानक कार्रवाई की है। शाम करीब पांच बजे सीओ तृतीय और इंस्पेक्टर प्रेमनगर अचानक शोरूम पर पहुंचे और कहा कि बाहर आ जाइए। बीडीए इसे सील करेगा। अधिकारियों को बताया कि हमारा मौलाना तौकीर से कोई संबंध नहीं। हम लगातार पांचवीं बार सपा से पार्षद हैं। तौकीर मियां की खुद की पार्टी है। उन्होंने मेरे खिलाफ कई बार प्रत्याशी खड़े किए हैं।

संबंधित समाचार