बरेली पुलिस के एनकाउंटर में मारा गया एक लाख का ईनामी बदमाश इफ्तेखार उर्फ 'शैतान'

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

भोजीपुरा इलाके में भोर में हुई मुठभेड़, पुलिस और बदमाशों के बीच लगभग 10 मिनट तक चलीं गोलियां

बरेली, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश के जिला बरेली में पुलिस और स्पेशल ग्रुप ऑपरेशन (एसओजी) की टीम के साथ गुरुवार की भोर में बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। गोलीबारी में इफ्तेखार उर्फ सोल्जर उर्फ शैतान नाम का एक बदमाश मारा गया है। एक हेड कांस्टेबल को भी गोली लगी है। इफ्तेखार का साथी भागने में सफल रहा। उसकी धरपकड़ के लिए पुलिस इलाके में सघन चेकिंग कर रही है।

ये घटनाक्रम भोजीपुरा थानाक्षेत्र का है। पुलिस को सूचना मिली कि एक कुख्यात बदमाश नैनीताल रोड स्थित बिलवा कृषि फॉर्म के पास है। एसओजी और पुलिस टीम कृषि फॉर्म के पास पहुंची। पुलिस ने बदमाशों की घेराबंदी करने की कोशिश की। इस दौरान वो पुलिस टीम पर हमलावर हो गए। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए फायरिंग शुरू की। बदमाशों और पुलिस के बीच लगभग 10 मिनट तक गोलियां चलती रहीं। इस दौरान एक गोली इफ्तेखार को लगी और वह जमीन पर गिर गया। 

576

पुलिस उसे उठाकर अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने इफ्तेखार को मृत घोषित कर दिया। इस बीच उसका साथी मौके से भागने में सफल रहा। पुलिस के मुताबिक, इफ्तेखार लंबे समय से बरेली क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों को अंजाम दे रहा था। हत्या, चोरी, लूट और डकैती समेत उसके खिलाफ 19 से अधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस के मुताबिक, पिछले साल 2024 में उसने बिथरीचैनपुर में एक डकैती डाली थी। उस पर एक पुजारी की हत्या में शामिल होने का भी आरोप है। पुलिस उसके ऊपर एक लाख रुपये का ईनाम घोषित कर रखा था। 

577

एसएसपी बरेली अनुराग आर्य ने बताया कि एसओजी और भोजीपुरा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई चल रही है। उन्होंने कहा कि वह लंबे समय से बरेली में सक्रिय था। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से उसकी मौत हो गई है। पुलिस उसके फरार साथी की तलाश में है। जल्द ही उसे भी पकड़ा जाएगा। उधर, अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर घटना में घायल हेडकांस्टेबल का हाल जाना।

कासगंज से बरेली तक दहशत 
इफ्तेखार मूलरूप से कासगंज के बरी चौक कादरगंज का रहने वाला था। हाल-फिल्हाल में उसने गाजियाबाद में अपना ठिकाना बनाया था। वह टीला थाना मोड़ क्षेत्र के ग्राम जगत बट्टा-भूखेड़ी में रह रहा था। उसने बरेली में कई आपराधिक घटनाओं को अंजाम दिया था। इसलिए बरेली पुलिस उसे अरसे से तलाश कर रही थी। गुरुवार की भोर में वह पुलिस के हत्थे चढ़ गया और यहां एक मुठभेड़ में मारा गया है।

ये भी पढ़ें - UP: पकड़ी गई नकली खाद बनाने की फैक्ट्री, कई स्थानों पर होती थी सप्लाई

संबंधित समाचार