UP: पकड़ी गई नकली खाद बनाने की फैक्ट्री, कई स्थानों पर होती थी सप्लाई

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

ओरछी/ आसफपुर। जिले में नकली खाद और बीज बनाने की फैक्ट्री का कृषि विभाग ने भंडाफोड किया है। कृषि अधिकारियों ने मौके से खाद बनाने के उपकरण और रासायनिक पदार्थ बरामद किए हैं। अधिकारियों के द्वारा देर रात की गई कार्रवाई के दौरान लोग खाद बनाने में लगे हुए थे। लेकिन अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गए। उस स्थान को कृषि अधिकारियों ने सील कर दिया है। आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने की तैयारी चल रही है। वहीं नकली खाद बनाने की जानकारी पर क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है। 

जिला कृषि अधिकारी मनोज कुमार रावत ने बताया कि उन्हें जानकारी मिली कि ब्लॉक आसफपुर के गांव दुन्दुपर स्थित एग्री क्लीनिक एंड एग्री जंक्शन केंद्र पर नकली खाद और बीज बनाने का काम हो रहा है। गांव निवासी सूरज प्रताप सिंह और उसके साथियों ने एग्री जंक्शन को ही संदिग्ध खाद और बीज बनाने का काम किया जा रहा है। उनके द्वारा टीम के साथ रात करीब पौना एक बजे वहां पर छापा मारा। छापा मारने के दौरान प्रतिष्ठान संचालक संचालक सूरज प्रताप सिंह गांव सिसरका निवासी अरुण पुत्र फतेह सिंह, जितेंद्र पुत्र सूरज, अनुज पुत्र नन्हें, सुमित पुत्र ऋषिपाल सिंह निवासी ओरछी इफको कंपनी के कट्टों में संदिग्ध उर्वरक भर रहे थे।

उनके द्वारा अमोनियम सल्फेट में गेरु मिलाकर एमओपी के रुप में रिपैकिंग की जा रही थी। टीम के पहुंचते ही वह लोग भाग खड़े हुए। बताया कि एग्री जंक्शन से सरसों का खुला बीज, बीज के खाली पैकेट, पैकेट सील करने की मशीन प्राप्त हुई है। इनके अलावा संदिग्ध डीएपी के भरे और खाली बैग, अमोनियम सल्फेट के बैग एमओपी, सहित अन्य रासायनिक उर्वरक प्राप्त हुए हैं। एग्री जंक्शन को सील कर दिया है। पता चला कि संबंधित लोगों के द्वारा संदिग्ध खाद और बीज की सप्लाई जिले भर में की जाती थी। साथ ही यह लोग नजदीक के जिलों में भी सप्लाई करते थे। जिसकी जांच की जा रही है। आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने की तैयारी चल रही है।

एग्री जंक्शन से यह सामान हुआ बरामद
डीएपी सील बैग 75, बिना सिले, 45 बैग, अमोनियम सल्फेट बंद बैग 125, गेरु मिला हुआ अमोनियम 10 बैग, एमओपी पैकिंग किए बैग 47 बैग, एमओपी के खुले बैग 56,अमोनियम सल्फेट के खाली बैग 14,गेरु 12 किलो, एसएसपी 250 बैग, बायो पोटाश 100 बैग, एनपीके 2013 450 बैग, खाली बैग 315, सरसों का बीज एक कट्टा, दो सिलाई मशीन और धागा एग्री जंक्शन से कृषि अधिकारियों ने बरामद किए हैं। 

कृषि विभाग ने किसानों से की अपील
आसफपुर ब्लॉक के गांव दुन्दपुर में संदिग्ध खाद बनाने का मामला पकड़े जाने पर जिला कृषि अधिकारी ने किसानों से अपील करते हुए कहा कि जिस भी दुकान से बीज, कीटनाशक या फिर खाद की खरीदारी की करते हैं, वहां से रसीद अवश्य लें। जिससे अगर नकली या संदिग्ध मिलने पर उसके खिलाफ कार्रवाई की जा सके। 

जिला कृषि अधिकारी मनोज रावत ने बताया कि आसफपुर के ब्लॉक दुन्दपुर में संदिग्ध खाद और बीज एग्री जंक्शन में बनाया जा रहा था। जानकारी पर देर रात कार्रवाई की गई। कुछ लोग वहां पर खाद तैयार कर रहे थे। उन्हें पकड़ लिया गया है। प्रतिष्ठान संचालक सहित पकड़े गए लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी। भारी मात्रा में संदिग्ध खाद बरामद हुआ है। जंक्शन को सील कर दिया गया है। 

संबंधित समाचार