रामपुर: डंपर की चपेट में आकर बाइक सवार की मौत, सड़क हादसे से परिवार में मचा कोहराम
सैदनगर (रामपुर) अमृत विचार। तेजी से आ रहे डंपर चालक ने बाइक सवारों को रौंद दिया। इसमें 25 वर्षीय युवक दीपचंद की मौत हो गई। जबकि दो लोग घायल हो गए। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जहां परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।
अजीमनगर थाना क्षेत्र के गांव इमरता निवासी दीपचंद अपनी साली शिवानी अंजू और साले प्रिंस को छोड़ने अपनी ससुराल खौद जा रहा था। युवक जैसे ही परचई गांव के पास पहुंचा तो सामने से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे के बाद युवक दीपचंद की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि पीछे बैठे साल और साली घायल हो गए। हादसे को अंजाम देने के बाद चालक अपना वाहन लेकर मौके से भाग गया।
मौके पर मौजूद राहगीरों ने घायलों को सड़क से उठाकर साइड में बैठाया। हादसे की सूचना मिलते ही थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई। एंबुलेंस मंगवाने के बाद पुलिस घायलों को लेकर जिला अस्पताल ले गई। मृतक युवक के शव को भी पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया। हादसे की सूचना घर पहुंची तो कोहराम मच गया।
कुछ देर के अंदर ही मृतक के परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए। परिजन डंपर चालक पर गंभीर आरोप लगाते हुए हंगामा करने लगे। मौके पर मौजूद पुलिस ने परिजनों को समझाकर मामला शांत किया। थाना अध्यक्ष करम सिंह पाल ने बताया मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज से आरोपी चालक और वाहन की पहचान कर रही है।
