नगर निगम मुख्यालय, जोन कार्यालयों पर जड़ा ताला... कर्मचारियों का प्रदर्शन, कामकाज ठप 

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

लखनऊ, अमृत विचार : खाली पदों पर ठेका प्रथा समाप्त करने समेत 13 सूत्री मांगों को गुरुवार को नगर निगम कर्मचारियों ने कामकाज ठप कर निगम मुख्यालय और जोन कार्यालयों पर ताला जड़ दिया। तालाबंदी के कारण टैक्स जमा करने, जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र बनवाने समेत अन्य कार्यों से आए लोगों को निराश लौटना पड़ा। मुख्यालय के बाहर सभा करने के बाद जीपीओ स्थित गांधी प्रतिमा पर प्रदर्शन कर नारेबाजी की। यहां प्रदर्शन में 17 नगर निगमों के कर्मचारी शामिल हुए। प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन अधिकारी को सौंपा।

उत्तर प्रदेश स्थानीय निकाय कर्मचारी महासंघ के बैनर तले आंदोलन किया गया। लखनऊ नगर निगम के कर्मचारी सुबह मुख्यालय और जोन कार्यालयों पर पहुंचे और ताला जड़ दिया। जीपीओ में प्रदर्शन के दौरान उत्तर प्रदेश स्थानीय निकाय कर्मचारी संघ के अध्यक्ष शशि कुमार मिश्रा ने कहा कि कई बार बैठकों, ज्ञापन और धरने के बाद सिर्फ आश्वासन मिला है। केंद्रीय सेवा नियमावली लागू नहीं की जा रही, कैशलेस इलाज की व्यवस्था नहीं है। 

आउटसोर्सिंग कर्मचारियों की बेहतर व्यवस्था के साथ पुरानी पेंशन बहाल की जाए। सिर्फ आश्वासन से काम नहीं चलेगा, 9 नवंबर तक मांगें नहीं मानी गईं तो पूर्ण कार्य बहिष्कार कर 10 नवंबर से बड़ा आंदोलन किया जाएगा। कहा कि कर्मचारियों ने कहा कि हम लोगों को वेतन 20,000 मिलना चाहिए। 

अभी सिर्फ 10,000 वेतन मिल रहा है। उसमें भी पीएफ नहीं मिल रहा है। काम रात दिन चाहिए लेकिन पैसा नहीं बढ़ाया जाता है। कोई भी वीवीआईपी आते हैं तो रात दिन ड्यूटी कराई जाती है। प्रदर्शन में कानपुर, सहारनपुर, आगरा, इलाहाबाद,गाजियाबाद, अयोध्या, मेरठ फिरोजाबाद, मुरादाबाद व अन्य निगमों के कर्मचारी भी शामिल हुए।

मुख्यालय की काट दी बिजली

कर्मचारियों ने सभी आठ जोन और मुख्यालय पर ताला लगाने के साथ मुख्यालय की बिजली भी काट दी। इसके चलते कर्मचारी और अधिकारी मुख्यालय से चले गए। बचे कर्मचारी धरने में शामिल हो गए। कामकाज ठप होने से जलकल, इंजीनियरिंग, अधिष्ठान, विज्ञापन, टैक्स सहित अन्य विभागों में कामकाज ठप रहा।

ये भी पढ़े : 

संबंधित समाचार