बाराबंकी : सुल्तानपुर ने अवध स्काई को दी करारी मात, उमर बने मैन ऑफ द मैच
बाराबंकी, अमृत विचार। केडी सिंह बाबू स्टेडियम, बाराबंकी में चल रही 19वीं चौधरी आसिफ अली मेमोरियल प्राइज मनी स्टेट क्रिकेट लीग 2025 के तहत शुक्रवार को सुल्तानपुर क्रिकेट एसोसिएशन और अवध स्काई क्रिकेट क्लब के बीच रोमांचक मुकाबला खेला गया। अवध स्काई क्रिकेट क्लब ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करने का निर्णय लिया और 38.5 ओवर में सभी विकेट गंवाकर 220 रन बनाए।
टीम की ओर से आकाश गौर ने शानदार बल्लेबाज़ी करते हुए 68 रन बनाए, जबकि हर्षित सिंह ने 39 और मोहम्मद हाशिम ने 27 रनों का योगदान दिया। सुल्तानपुर की गेंदबाज़ी में उमर ने सर्वाधिक 3 विकेट, अश्मित वर्मा, ज्ञानेंद्र वर्मा ने 2-2 विकेट, जबकि कृष्ण और डी.आर. सिंह ने 1-1 विकेट हासिल किया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी सुल्तानपुर क्रिकेट एसोसिएशन की टीम ने दमदार प्रदर्शन करते हुए मात्र 28.3 ओवर में 221 रन बनाकर मुकाबला जीत लिया। टीम की जीत में अंश पटेल के 60 रन, ज्ञानेंद्र वर्मा के 54 रन और महताब के 37 रनों का अहम योगदान रहा। अवध स्काई की ओर से अभिषेक तिवारी ने सर्वाधिक 4 विकेट झटके, जबकि सौरभ यादव और अमन यादव को एक-एक सफलता मिली।
उमर को उनके बेहतरीन हरफनमौला प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया। उन्हें यह सम्मान मुख्य अतिथि नवीन राठौर एवं आलोक पांडेय द्वारा संयुक्त रूप से प्रदान किया गया। मैत के दौरान बाराबंकी जिला क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष खान, सचिव डॉ. सी.ए. जावेद, राजेश अरोड़ा बब्बू, अनस उल्लाह किदवई, मो. आसिफ, अतीक अहमद, शददान जावेद, अज़हर सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
