Bareilly : शहामतगंज में पुलिस पर पेट्रोल बम फेंकने वाला आरिफ गिरफ्तार
बरेली, अमृत विचार। आईएमसी प्रमुख मौलाना तौकीर रजा खां के इशारे पर 26 सितंबर को जुमे की नमाज के बाद शहामतगंज में पुलिस पर फायरिंग कर पेट्रोल बम फेंक कर शहर में दंगा कराने की साजिश में शामिल रहे हजियापुर निवासी उपद्रवी आरिफ को बारादरी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। वहीं फरार अन्य उपद्रवियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम दबिश दे रही है।
तौकीर रजा खां के आह्वान पर जुमे की नमाज के बाद शहर में विरोध प्रदर्शन कर रहे उपद्रवियों ने पुलिस पर पथराव कर फायरिंग करते हुए दुकानों में तोड़फोड़ की थी। पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़ते हुए लाठी चार्ज कर भीड़ को तितर-बितर किया था। इस मामले में फरार चल रहे उपद्रवी आरिफ को बारादरी पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
बवाल प्रकरण में अलग-अलग थानों में कुल 10 मुकदमे दर्ज किए गए थे, जिसमें 125 नामजद समेत करीब तीन हजार अज्ञात उपद्रवियों को शामिल किया गया था। पुलिस की विवेचना जैसे-जैसे तेज हो रही है, वैसे-वैसे बवाल में शामिल रहे उपद्रवियों के चेहरे बेनकाब होते जा रहे हैं। पुलिस ने और भी कई उपद्रवियों को चिह्नित कर लिया है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।
नारेबाजी करते हुए पुलिस पर फेंका था पेट्रोल बम
बारादरी थाना प्रभारी धनंजय पांडे ने बताया कि शहामतगंज में आईएमसी पार्षद अनीस सकलैनी के कहने पर आरिफ भीड़ के साथ आपत्तिजनक नारे लगाते हुए हथियारों से लैस होकर इस्लामिया ग्राउंड की तरफ बढ़ रहा था। पुलिस ने उसे शहामतगंज चौराहे के पास रोकने का प्रयास किया तो अनीस सकलैनी, साजिद सकलैनी, नदीम के साथ आरिफ ने पुलिस बैरियर तोड़ते हुए बदसलूकी की। उसने पेट्रोल बम पुलिस पर फेंक कर दंगा कराने की कोशिश की थी। इसके सहयोगियों ने पुलिस पर पथराव कर फायरिंग भी की थी।
तौकीर के करीबियों के सभी 10 मुकदमों में खुले नाम
बवाल मामले में दर्ज मुकदमों में सात और आरोपियों के नाम बढ़ाए गए हैं। इन सभी पर साजिश रचने का आरोप लगा है। इसके अलावा सभी 10 मुकदमों में डॉ. नफीस, नदीम, मुनीर इदरीशी, पार्षद अनीस, हिस्ट्रीशीटर नायाब उर्फ मुन्ना, अफजाल बेग, मौलाना तौकीर रजा को शरण देने वाले फरहत का नाम बतौर साजिशकर्ता शामिल किया गया है। इनको षड्यंत्र रचने का भी आरोपी बनाया गया है। पुलिस के मुताबिक शहर को दंगे की आग में झोंकने के लिए मौलाना तौकीर के साथ मिलकर इन सबने साजिश रची थी। मौलाना का नाम पहले ही सभी 10 मुकदमों में साजिशकर्ता के तौर पर शामिल किया जा चुका है। इसके अलावा चक महमूद निवासी फेजल नबी, मोबीन कुरैशी, साजिद सकलैनी, किशोर बाजार निवासी सुभान उर्फ चूरन, डॉ. नफीस के दूसरा बेटे फरहान रजा खां और किला के मोईन खां का नाम सामने आया है। पुलिस ने मुकदमे में इनके नाम खोले हैं। अब इनकी गिरफ्तारी की जाएगी।
