IGRS में देवीपाटन मंडल अव्वल... मीरजापुर दूसरे स्थान पर, योगी सरकार के सिस्टम से जनशिकायत निस्तारण में रफ्तार
लखनऊ, अमृत विचार : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सतत मॉनीटरिंग और पारदर्शी प्रशासनिक प्रणाली ने प्रदेश में जनशिकायतों के निस्तारण की रफ्तार बढ़ा दी है। शासन के आईजीआरएस पोर्टल की सितंबर माह की रिपोर्ट में देवीपाटन मंडल ने जनशिकायतों के निस्तारण में प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है, जबकि मीरजापुर मंडल दूसरे और बस्ती मंडल तीसरे स्थान पर रहा।
देवीपाटन मंडलायुक्त शशि भूषण लाल सुशील ने बताया कि हर माह पांच शिकायतकर्ताओं से व्यक्तिगत फीडबैक लिया जाता है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कार्रवाई वास्तविक है या केवल रिपोर्टिंग। सितंबर माह में देवीपाटन मंडल को 120 में से 104 अंक प्राप्त हुए, सफलता दर रही 86.67 प्रतिशत।
रिपोर्ट के अनुसार, मीरजापुर को 98 अंक और 81.67 प्रतिशत सफलता दर के साथ दूसरा स्थान मिला है। मीरजापुर के बाद बस्ती मंडल ने 97 अंक और 80.83 प्रतिशत के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया। प्रदेश के शीर्ष पांच मंडलों में अलीगढ़ चौथे और वाराणसी पांचवें स्थान पर रहे। आईजीआरएस पोर्टल के जरिए नागरिकों को घर बैठे शिकायत दर्ज करने और ट्रैक करने की सुविधा मिलने से शासन-प्रशासन के प्रति भरोसा भी बढ़ा है।
ये भी पढ़े :
