कानपुर : दिल्ली की तर्ज पर चलेगा बड़ा चौराहा बस स्टॉप, कंपनियों से मांगे आवेदन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बड़ा चौराहा पर स्मार्ट सिटी लि. ने बनाया है हाईटेक बस स्टॉप, 20 यात्रियों के प्रसाधन की भी सुविधा

कानपुर, अमृत विचार। शहर के सबसे व्यस्त बड़ा चौराहा पर स्मार्ट सिटी मिशन के तहत बने बस स्टॉप का संचालन जल्द शुरू होगा। कानपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड (केएससीएल) की ओर से बस स्टॉप और आसपास की सुविधाओं के संचालन एवं रखरखाव के लिए अनुरोध प्रस्ताव (आरएफपी) मांगा गया है। करीब दों वर्षों से बनकर खड़े बस स्टॉप के नियमानुसार संचालन नहीं हो रहा है।

इससे प्रोजेक्ट का मकसद पूरा नहीं हो रहा है। शासन के निर्देश पर बस स्टॉप को दिल्ली व बड़े शहरों की तरत चालने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। बड़ा चौराहा का विकास, भारत माता पार्क, राम आसरे पार्क, बस स्टॉप का नवीनीकरण करीब 2.96 करोड़ रुपये से किया गया है।

शहर में पहला ऐसा बस स्टॉपेज तैयार किया गया है जिसमें वेटिंग लाउंज, जलपान की सुविधा, मेल और फीमेल के लिए अगल वॉशरूम और 20 सीटों वाला शौचालय बनाया है। बच्चों के लिए प्ले एरिया बनाया गया। बस स्टॉप पूरी तरह वातानुकूलित है। बस स्टॉप के आगे पैडेस्ट्रियन पाथ-वे के साथ 10-15 ऑटो व नियमानुसार ई-बसों के ठहरने और यात्रियों के बैठने की व्यवस्था भी की गई है।

रूट की जानकारी के लिए यहां स्क्रीन भी लगाई गई है। लेकिन, यह सब कुछ 2 वर्षों से उपयोग में नहीं लाया जा रहा है। अब अधिकारियों ने बस स्टॉप को चलाने के लिए प्रक्रिया शुरू की है। स्मार्ट सिटी के अधिकारियों के अनुसार एजेंसी को बस स्टॉप के संचालन के लिए करीब सालाना 50 लाख रुपये तक सालाना देने होंगे। 

बड़ा चौराहा शहर का सबसे व्यस्त इलाका 

बड़ा चौराहा शहर का सबसे व्यस्त और मुख्य इलाका है। यहां से जिला न्यायालय, कलेक्ट्रेट, जीपीओ, जेड-स्क्वायर मॉल, कोतवाली, मेस्टन रोड और नवीन मार्केट सीधे जुड़ा है। यहां मेट्रो स्टेशन का संचालन शुरू होने के बाद केएससीएल ने बड़ा चौराहे के पास बने बस स्टॉप को भी शुरू करने की तैयारी की है। 

30 स्मार्ट स्टॉप कर रहे बसों का इंतजार

शहर में 30 स्मार्ट बस स्टॉप एक साल से बनकर तैयार खड़े हैं, इनको बनाने में करीब 50 लाख खर्च किए गए। लेकिन इन पर आज तक एक भी बस नहीं रुकी है, और न ही इन स्टॉप पर सवारियां खड़ी होकर बस का इंतजार करती हैं।

बस स्टॉप पर एलईडी बोर्ड लगने थे, जिन पर कौन सी बस कब कितनी देर में आएगी इसका डिस्प्ले होना था। लेकिन यह सुविधा शुरू ही नहीं हुई है। ऐसे में अधिकतर स्टॉप पर बेसहारा लोगों और जानवरों ने अड्डा बना लिया है। इन स्टॉप पर बने कियोस्क जरूर किराये पर उठा दिये गए हैं।  

नंबर गेम: 

  1. 2.96 करोड़ रुपये से बना बड़ा चौराहा बस स्टॉप
  2. 30 स्मार्ट स्टॉप पर भी 50 लाख खर्च
  3. 2 वर्ष से ज्यादा से नहीं शुरू हो सके

संबंधित समाचार