PCS Exam: पीसीएस परीक्षा में 4953 उपस्थित और 8755 परीक्षार्थी रहे अनुपस्थित
बदायूं, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग, प्रयागराज द्वारा आयोजित सम्मिलित राज्य व प्रवर अधीनस्थ सेवा प्रारंभिक परीक्षा 2025 और सहायक वन संरक्षक व क्षेत्रीय वन अधिकारी सेवा प्रारंभिक परीक्षा जिले के केंद्रों पर सकुशल व शांतिपूर्ण तरीके से हुई। परीक्षा के लिए पंजीकृत 13708 अभ्यर्थियों में से 4953 उपस्थित रहे जबकि 8755 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। डीएम अवनीश राय, एसएसपी डॉ. बृजेश कुमार, एडीएम प्रशासन अरुण कुमार ने परीक्षा केंद्रों और कोषागार का निरीक्षण किया।
पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा के लिए परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए थे। 17 परीक्षा केंद्रों पर सभी में 384 और एक केंद्र पर 326 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। परीक्षा केंद्रों को सात जोन में बांटा गया था। सुबह पहली पाली साढ़े नौ बजे से शुरू हुई। जिसके चलते बहुत से अभ्यर्थी एक दिन पहले आकर होटलों, रेलवे स्टेशन आदि पर रुक गए थे। परीक्षा केंद्र पर पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में प्रवेश पत्र देकर और तलाशी लेकर ही परीक्षार्थियों को प्रवेश दिया गया। सुबह साढ़े 11 बजे परीक्षा समाप्त हुई। पहली पाली में पंजीकृत 6854 अभ्यर्थियों में से 2483 उपस्थित और 4371 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। जिसके बाद दोपहर ढाई बजे से साढ़े चार बजे तक दूसरी पाली हुई। जिसमें पंजीकृत 6854 में से 2470 अभ्यर्थी उपस्थित और 4384 अनुपस्थित रहे।
डीएम, एसएसपी, एडीएम प्रशासन और एसपी सिटी विजयेंद्र द्विवेदी ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। डीएम परीक्षा केंद्र गिन्दो देवी महिला महाविद्यालय, एनएमएसएन दास पीजी महाविद्यालय, केदारनाथ महिला इंटर कॉलेज आदि केंद्रों पर गए। कक्षों की निगरानी करने वाले सीसीटवी कैमरों का मॉनीटरिंग सेल देखा। साथ ही पार्किंग स्थल, तलाशी व्यवस्था, प्रकाश, साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था का जायजा लिया। जिसके बाद कलेक्ट्रेट परिसर में कोषागार का निरीक्षण करके अधिकारियों को निर्देशित किया। परीक्षा केंद्रों पर केंद्र व्यवस्थापकों के साथ स्टेटिक मजिस्ट्रेट रहे। सेक्टर व जोनल मजिस्ट्रेट ने व्यवस्था देखी।
