Moradabad: भाभी बन रही थी देवर की शादी में रोड़ा? अब दोनों की जलकर मौत के बाद पीछे छूटे कई सवाल !
मुरादाबाद, अमृत विचार। मझोला थाना क्षेत्र में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। आग से देवर और भाभी की जलकर मौत हो गई। दोनों ने शनिवार देर रात इलाज के दौरान जिला अस्पताल में दम तोड़ दिया है। घटना की वजह देवर की शादी में बाधा बनना बताया जा रहा है। मृतका के पति ने भाई पर पत्नी को जलाने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम करा परिजनों का सौंप दिये है। पुलिस जांच कर रही है।
थाना मझोला क्षेत्र के रसूलपुर सुनवती निवासी प्रवीण कुमार (28) शनिवार की शाम घर पर था। बताया जाता है कि इस बीच उसकी भाभी सुनीता (40) पहुंची, जहां संदिग्ध हालात में आग लग गई। आग की लपटों में दोनों घिर गए। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। दोनों को बचाने की कोशिश की, लेकिन आग की लपटों के आगे कोई हिम्मत नहीं जुटा पाया। काफी देर बाद कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, तब तक दोनों गंभीर रूप से झुलस चुके थे। नाजुक हालत में दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। रात में ही एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह और सीओ लाइंस कुलदीप गुप्ता ने मौके पर पहुंचकर जांच की। महिला के पति नरेंद्र कुमार ने भाई प्रवीण पर पत्नी को थिनर डालकर जलाने का आरोप लगाते हुए मझोला पुलिस को तहरीर दी थी। पुलिस ने देवर के खिलाफ हत्या के प्रयास की रिपोर्ट दर्ज कर ली। वहीं जिला अस्पताल में भर्ती देवर व भाभी की देर रात हालत बिगड़ गई। दोनों को मेरठ रेफर करने की तैयारी हो रही थी, इसी बीच दोनों ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शवों को परिजनों के हवाले कर दिया।
प्रवीण के कई बार रिश्ते आए, मगर अड़ंगा लगा देती थी सुनीता
मझोला थाना प्रभारी निरीक्षक रविंद्र कुमार के अनुसार प्रवीण की शादी के लिए कई बार रिश्ते आए, मगर उसकी भाभी कोई न कोई अड़ंगा लगा देती थी, जिसकी वजह से रिश्ता तय नहीं हो पा रहा था, इससे प्रवीण खुश नहीं था। बताया जा रहा है कि इसी को लेकर प्रवीण ने भाभी को आग के हवाले किया, लेकिन इ वह भी चपेट में आ गया। सीओ सिविल लाइंस कुलदीप गुप्ता ने बताया कि जांच की जा रही है।
एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि रसूलपुर सुनवाती गांव में आग लगने से देवर-भाभी की जलकर मौत हुई है। जांच में सामने आया कि महिला देवर की शादी में बाधा बन रही थी। इसी वजह से देवर ने भाभी को आग लगाई और वह खुद भी जल गया। जांच की जा रही है।
