बरेली: दवा करोबारी की शादी से बैग ले उड़ा टप्पेबाज गैंग
अमृत विचार, बरेली। मिनी बाईपास स्थित क्लब में हो रही दवा व्यापारी की शादी से टप्पेबाज गैंग ने नकदी और जेवर से भरे दो बैग गायब कर दिए। अकेला किशोर चार मिनट में घटना को अंजाम देकर फरार हो गया। बैग चोरी की यह घटना सीसीटीवी में कैद हो गई। पीड़ित व्यापारी की शिकायत पर …
अमृत विचार, बरेली। मिनी बाईपास स्थित क्लब में हो रही दवा व्यापारी की शादी से टप्पेबाज गैंग ने नकदी और जेवर से भरे दो बैग गायब कर दिए। अकेला किशोर चार मिनट में घटना को अंजाम देकर फरार हो गया। बैग चोरी की यह घटना सीसीटीवी में कैद हो गई। पीड़ित व्यापारी की शिकायत पर पुलिस ने चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
प्रेमनगर के जनकपुरी निवासी दिवांश महेश्वरी दवा करोबारी हैं। उनका निजी अस्पताल के साथ साथ राजेंद्रनगर में मेडिकल स्टोर है। दिवांश महेश्वरी ने बताया कि सात दिसंबर को उनका विवाह था। विवाह के लिए कर्मचारी नगर स्थित क्लब सेवेन रिसोर्ट बुक कराया गया था। रात 11 बजे वरमाला का प्रोग्राम चल रहा था। लगभग साढ़े 11 बजे एक 12 वर्षीय किशोर उनकी मां शिखा महेश्वरी के द्वारा रखे गये दो बैग उठाकर चुपचाप फरार हो गया।
दिवांश ने बताया कि चोरी हुए बैग में लगभग ढाई लाख रुपये कैश के साथ ही दो मोबाइल, दो सोने की अंगूठियों समेत लगभग 45 नेक के दिये हुये लिफाफे थे। चोरी की यह वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई है। दिवांश महेश्वरी ने चोरी के मामले में सिक्योरिटी गार्ड महेन्द्र समेत रिसोर्ट के स्टाफ पर भी मिलीभगत का आरोप लगाया है। इज्जतनगर पुलिस ने इस मामले में गार्ड महेन्द्र समेत अज्ञात होटल कर्मचारियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
सीसीटीवी में भागता हुआ दिखा आरोपी
पुलिस को जो सीसीटीवी फुटेज मिली है उसमें एक किशोर हाथ में बैग दबाकर वहां से भागता हुआ दिख रहा है। किशोर के आगे एक युवक फोन पर बात करते हुए जा रहा है। पुलिस का मानना है कि चोर के आगे चलता हुआ युवक उसका साथी हो सकता है। पुलिस सीसीटीवी के आधार पर वारदात को अंजाम देने वालों की तलाश कर रही है।
पहले भी हो चुकी है घटना
इससे पहले सूर्या बैंक्वेट हॉल में इसी गैंग के लोगों ने एक बैग चोरी कर लिया था। उसमें भी नकदी और जेवर थे। उससे पहले पीलीभीत रोड स्थित एक शादी हॉल से इसी गैंग के लोगों ने बैग चोरी की घटना को अंजाम दिया था। शहर में लगातार यह तीसरी घटना है।
पुलिस की टीमें बनाकर संदिग्धों की तलाश की जा रही है। रेलवे स्टेशन और होटलों में चेकिंग की जा रही है। जल्द ही गैंग को पकड़ लिया जाएगा। -रोहित सिंह सजवाण, एसएसपी
