लखीमपुर खीरी : दुकान बंद कर लौट रहे सराफ से लूट, सिर पर लोहे की रॉड मारकर किया हमला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सिंगाही, अमृत विचार। सोमवार की शाम पल्सर बाइक सवार बदमाशों ने बेलरायां से दुकान बंद कर घर आ रहे ज्वैलर्स के सिर पर थाना सिंगाही क्षेत्र में लोहे की रॉड मार दी, जिससे वह खून से लथपथ होकर गिर पड़ा। बदमाश सोने-चांदी के जेवरों से भरा बैग लूटकर भाग निकले। घायल ज्वैलर्स की हालत गंभीर बनी हुई है। उसे निघासन सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर किया गया है। 

घटना शाम करीब छह बजे की है। कस्बा सिंगाही निवासी भाजपा नेता रामप्रकाश सोनी के पुत्र अमित सोनी की बेलरायां में ज्वैलर्स की दुकान है। वह अपने नौकर गणेश के साथ दुकान बंद कर सोने–चांदी के जेवरात से भरा बैग लेकर सिंगाही लौट रहे थे। थाने से कुछ दूरी पर सिंगहा के पास मुर्गी फार्म के नजदीक पल्सर बाइक से पीछे से आए बदमाशों ने अमित के सिर पर लोहे की रॉड से वार किया, जिससे वह सड़क पर गिर पड़े। बदमाश जेवरात से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। 

घायल अमित खून से लथपथ सड़क पर तड़पता रहा, जबकि गश्त का दावा करने वाली पुलिस कहीं नजर नहीं आई। नौकर गणेश भागकर किसी तरह घर पहुंचा और परिजनों को खबर दी। सूचना मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। उसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची, घायल को सीएचसी निघासन से जिला अस्पताल लखीमपुर रेफर किया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। मौके पर पहुंची पुलिस बदमाशों की तलाश कर रही है। 

सीओ शिवम कुमार और निघासन कोतवाल महेशचंद ने अस्पताल पहुंचे। घायल का हाल जाना। थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया कि पहले सोने-चांदी का बैग लूटने की तहरीर दी, लेकिन कुछ ही देर बाद पीड़ित के परिवार की ही महिला ने कहा कि उसका बैग बच गया है। बदमाश बैग में रखे 35 हजार रुपये लूटकर ले गए हैं। इससे घटना संदिग्ध प्रतीत हो रही है। पुलिस दोनों पहलुओं पर अपनी जांच कर रही है।

संबंधित समाचार