इंडिया फ्रोजन पर छापामारी: आयकर की जांच में डायरी मिलने के चर्चा से खलबली, दर्ज है अफसरों और नेताओं का हिसाब-किताब ?

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

संभल, अमृत विचार। आयकर विभाग की टीम ने सोमवार को तड़के इंडिया फ्रोजन मीट फैक्ट्री और इसके मालिक के घर छापेमारी की। दोपहर को आयकर विभाग की छापेमारी में ऐसी डायरी मिलने की बात फैली जिसमें अधिकारियों के रिश्वत और नेताओं के चंदे का ब्यौरा दर्ज है। यह बात फैलते ही सियासी लोग और सरकारी अमला भी डायरी का सच जानने को बेताब दिखा।

आयकर विभाग ने जिस बड़ी तैयारी के साथ इंडिया फ्रोजन मीट फैक्ट्री परिसर और सरायतरीन में मालिक के घर छापेमारी की उससे कहा जा रहा है कि मामला कुछ बड़ा ही है। एक दो नहीं बल्कि आयकर विभाग के 100 के लगभग अधिकारी व कर्मचारी मीट फैक्ट्री परिसर और उसके मालिकों के घर को खंगालने में जुटे हैं। आयकर विभाग के अधिकारी लगातार कार्रवाई जारी रखे हुए हैं और खाना भी होटल से परिसर में ही मंगाकर खा रहे हैं। सरायतरीन में मीट फैक्ट्री मालिक की बहुमंजिली कोठी का कोना-कोना खंगाला जा रहा है। 

वहां मिलने वाले दस्तावेजों के साथ ही कंप्यूटर,मोबाइल जैसी इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस की भी जांच की जा रही है। फैक्ट्री के अकाउंट विभाग में एक-एक कंप्यूटर को विभाग के एक्सपर्ट खंगाल रहे हैं। इस पड़ताल के बीच लेन-देन वाली डायरी अफसरों के हाथ लगने की बात कही जा रही है। यदि वास्तव में आयकर विभाग के अधिकारियों के हाथ ऐसी कोई डायरी लगी है तो उस डायरी से बड़े और चौंकाने वाले सच सामने आना तय माना जा रहा है। हालांकि कार्रवाई के दौरान क्या बरामद हुआ और कितना काम बाकी है इसे लेकर आयकर विभाग के अधिकारी कुछ भी बोलने को तैयार नहीं हैं। वहीं इंडिया फ्रोजन मीट फैक्ट्री के प्रबंधन का कहना है कि हम कार्रवाई में पूरा सहयोग कर रहे हैं।

 

संबंधित समाचार