UP: नहीं मिलेगी छुट्टी...दिवाली पर करनी पड़ेगी रोडवेज चालक और परिचालकों को ड्यूटी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बदायूं, अमृत विचार। दीपावली पर्व नजदीक है। परदेश में रहने वाले लोग अपने घरों के लिए वापसी कर रहे हैं। जिसके चलते रोडवेज बसों में भीड़ बढ़ गई है। दीपावली त्योहार पर यात्रियों को सुलभ यात्रा कराने के उद्देश्य से रोडवेज बसों के चालक परिचालकों के साथ कर्मचारियों के अवकाश पर निगम अधिकारियों ने रोक लगा दी है। बिना अनुमति अनुपस्थित मिलने पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी। यात्रियों की सुविधा के लिए दिल्ली रूट पर बसों की संख्या बढ़ा दी है। साथ ही बसों के फेरे बढ़ा दिए गए हैं।
 
बदायूं डिपो से दिल्ली, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, कासगंज, एटा फर्रुखाबाद सहित अन्य रूटों पर 106 बसों का संचालन किया जा रहा है। दूसरे प्रांतों और जिलों में नौकरी करने वाले लोग दीपावली त्योहार मनाने के लिए घर लौट रहे हैं। यात्रियों में इजाफा हुआ है। इनमें सबसे अधिक संख्या दिल्ली से आने जाने वाले यात्रियों की है। यात्रियों की बढ़ती संख्या के चलते परिवहन निगम विभाग द्वारा रोडवेज बसों के फेरे बढ़ा दिए गए हैं। रोडवेज निगम की ओर से दिल्ली, मुरादाबाद, कासगंज बरेली सहित अन्य रूटों पर बसों के फेरे बढ़ाए गए हैं। साथ ही त्योहार के मौके पर देर शाम तक यात्रियों को बस मिल सकेंगी जिससे उन्हें अपनी मंजिल तक पहुंचने में कोई परेशानी नहीं होगी। 

एआरएम ने बताया कि बीस अक्टूबर को दीपावली त्योहार मनाया जाएगा। 23 अक्टूबर को भैया दूज पर्व मनाया जाएगा। त्योहार पर यात्रियों को सुलभ यात्रा के लिए अतिरिक्त बसें चलाई जाएगी। जिसका प्लान तैयार हो चुका है। रोडवेज बसों के चालक परिचालक और कर्मचारियों के अवकाश पर रोक लगा दी गई है। एक सप्ताह तक कर्मचारियों और चालक परिचालकों को छुट्टी नहीं दी जाएगी। बताया कि यदि इस बीच कोई चालक या परिचालक बिना अनुमति के ड्यूटी से अनुपस्थित रहता है तो उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। 

एआरएम राजेश पाठक ने बताया कि दीपावली पर्व नजदीक है। बसों में यात्रियों की संख्या बढ़ी है। दीपावली त्योहार के चलते चालक, परिचालक व कर्मचारियों  के अवकाश पर रोक लगाई गई हैं। जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो। त्योहार पर यात्रियों को सुलभ यात्रा कराने का हर संभव प्रयास किया जा रहा है। 

संबंधित समाचार