लखनऊ में संदिग्ध परिस्थितियों में किशोर की मौत: दो दिन से बुखार से पीड़ित, खेल रहा था फ्री फायर गेम
लखनऊ, अमृत विचार: इंदिरानगर के परमेश्वर एंक्लेव कॉलोनी स्थित शिवाजीपुरम इलाके में 13 वर्षीय विवेक कश्यप की बुधवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गयी। दो दिन से बुखार से पीड़ित विवेक चारपाई पर लेटे हुए मोबाइल चला रहा था। इसी दौरान उसकी मौत हो गयी। मौत की सटीक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगी। बहन का कहना है कि विवेक फ्री-फायर गेम का लती था, जबकि पुलिस मोबाइल हिस्ट्री की पड़ताल कर रही है।
एसीपी अनिद्य विक्रम सिंह ने बताया कि विवेक मूलतः सीतापुर के नैमिष ठाकुरनगर का निवासी था और करीब एक साल से मां प्रेम कुमारी, बहन पिंकी, चांदनी और अंजू के साथ शिवाजीपुरम में किराए पर रह रहा था। मां और बहनें घर से बाहर काम करती थीं। विवेक तकरोही में एक किराने की दुकान में नौकरी करता था और दो दिन से बुखार की वजह से काम पर नहीं गया था।
दोपहर में चारपाई पर लेटे विवेक को बहन अंजू ने अचेत पाया। तुरंत परिवार ने लोहिया अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित किया। पुलिस मौके पर पहुंची। घरवालों ने शुरू में पोस्टमार्टम से इंकार किया, लेकिन चौकी प्रभारी विवेक कुमार के समझाने पर सहमति दी। विवेक के पिता कई साल पहले निधन हो चुके हैं। बड़ा भाई मुंशी पुलिया पर किराए पर रहता है।
