Moradabad: धनतेरस और दीपावली के लिए पसंद किए जा रहे सजावटी और घरेलू उत्पाद

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। 18 को धनतेरस और 20 अक्टूबर को दीपावली का पर्व मनाया जाएगा। बाजार दुल्हन की तरह सजकर तैयार हैं, तो खरीदारी के लिए दुकान पर भीड़ उमड़ रही है। इस दिवाली में उपहार के लिए क्रॉकरी, कटलरी और घर को सजाने के सामान की खरीदारी की जा रही है।

पर्व से पहले ही बाजार में हर तरफ उल्लास और ग्राहकों में उत्साह नजर आ रहा है। लोग परिजन और मित्रों को देने के लिए उपहारों की खरीदारी में जुटे हुए हैं। घरेलू इस्तेमाल की चीजें जिनमें कप एंड प्लेट सेट, सर्विंग बाउल, सर्विंग ट्रे, ड्राई फ्रूट बॉक्स आम आदमी के बजट में होने के कारण सबसे ज्यादा बिक रहे हैं। साथ ही होम अप्लायंस जिनमें माइक्रोवेव ओटीजी और एयर फ्रायर की भी लोग खूब खरीदारी कर रहे हैं। 24 घंटे ठंडा और गरम खाना और तरल पदार्थ रखने के विभिन्न कंपनियों के उत्पाद की जमकर खरीदारी की जा रही है। इनमें बोतल, सिपर, फ्लास्क और मग शामिल हैं। सिरेमिक के साथ पारदर्शी कांच की बोतल, ट्रे, कप सेट का ट्रेंड लोगों को लुभा रहा है।

घर सजाने के लिए पसंद किए जा रहे सजावटी सामान
चौमुखापुल के बाजार में एक गिफ्ट की दुकान पर विक्रेता गौरव गुप्ता ने बताया कि थ्री डी पेंटिंग के साथ ही भगवान के विभिन्न स्वरूपों की प्रतिमाएं तो ऑल टाइम उपहार के लिए की ही जाती हैं। इस बार लोग वास्तु के अनुसार पॉजिटिव एनर्जी के लिए सीनरी, फाउंटेन और लॉफिंग बुद्धा की खरीदारी कर रहे हैं।

पूजा के लिए कोरियन मंदिर की भी खूब मांग
ताड़ीखाना रोड पर विक्रेता मनोज ने बताया कि इस बार दरबार की सबसे मांग है। मंदिर के ऊपर गणेश जी, राधाकृष्ण, खाटूश्याम के साथ ही शुभलाभ और स्वास्तिक के डिजाइन लोगों को खूब भा रहे हैं। मंदिरों में रंगबिरंगी एलईडी भी लगी है। लकड़ी से बने इन कोरियन मंदिरों की कीमत पांच हजार रुपये से 50 हजार रुपये से ऊपर तक है।

 

संबंधित समाचार