11 वीं की छात्रा से गैंगरेप के एक और आरोपी को मुठभेड़ में लगी पैर में गोली, फरार भाई समेत दो की तलाश जारी

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

25 हजार का इनामी था आरोपी, तमंचा व खोखे बरामद। 11 अक्टूबर को घटना के 12 घंटे बाद मुठभेड़ में पकड़े गए थे दो आरोपी

लखनऊ, अमृत विचार: हरौनी चौकी से चंद कदम की दूरी पर बाग में 11वीं की छात्रा (17) से सामूहिक दुष्कर्म के एक और आरोपी को बंथरा पुलिस ने मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। पैर में गोली लगने से 25 हजार का इनामी बदमाश राजेंद्र उर्फ बाबू घायल हो गया। पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया है। मौके से पुलिस ने एक तमंचा और दो खोखे बरामद किए हैं। पुलिस वारदात में शामिल उसके भाई समेत दो इनामी की तलाश कर रही है। पुलिस ने शनिवार को घटना में शामिल ललित को मुठभेड़ और उसके साथी मेराज को गिरफ्तार कर जेल भेजा था।

डीसीपी साउथ निपुण अग्रवाल ने बताया कि 11 अक्टूबर की दोपहर छात्रा गर्भवती बहन की देखरेख के लिए अपने घर जा रही थी। रास्ते में हरौनी पेट्रोल पंप के पास पीड़िता परिचित से बाग में टहलते हुए बात कर रही थी। इस बीच छोटू, बाबू, ललित, मेराज और विशाल वहां नशेबाजी कर रहे थे। पांचों वहां पहुंचे। परिचित को मारपीट कर भगाने के बाद किशोरी को बाग में खींचकर सामूहिक दुष्कर्म किया गया था। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर पड़ताल शुरू की।

देर रात हरौनी स्टेशन के पास मुठभेड़ के दौरान पैर में गोली लगने से आरोपी ललित कश्यप घायल हो गया था। पुलिस ने ललित और उसके साथी मेराज को गिरफ्तार कर लिया।

डीसीपी ने बताया कि फरार आरोपी राजेंद्र उर्फ बाबू, शिवकुमार उर्फ छोटू और विशाल पर 25-25 हजार का इनाम घोषित था। शुक्रवार रात बंथरा पुलिस को सूचना मिली कि वारदात में शामिल आरोपी बंथरा की तरफ जा रहे हैं। इस सूचना पर इंस्पेक्टर राणा राजेश कुमार सिंह टीम के साथ भटगांव पांडेय के पास चेकिंग करने लगे। करीब 12 बजे रेलवे लाइन की ओर जा रहे संदिग्ध को देख पुलिस ने रुकने का इशारा किया, तो बदमाश ने फायरिंग की।

पुलिस की जवाबी फायरिंग में दाएं पैर में गोली लगने से राजेंद्र उर्फ बाबू निवासी हरौनी घायल हो गया। पुलिस ने आरोपी को अभिरक्षा में अस्पताल में भर्ती कराया। एसीपी कृष्णानगर विकास पांडेय ने बताया कि राजेंद्र के भाई शिवकुमार उर्फ छोटू और पांचवें आरोपी विशाल की तलाश में दबिशें दी जा रही हैं।

संबंधित समाचार