बरेली : पुलिस भर्ती...जिले में बनाए 15 केंद्र, 12,960 अभ्यर्थी होंगे शामिल
10 जिलों में बनाए गए परीक्षा केंद्र, 1-2 नवंबर को होगी परीक्षा
बरेली, अमृत विचार: यूपी पुलिस में कंप्यूटर ऑपरेटर ग्रेड-ए, उपनिरीक्षक (गोपनीय), सहायक उपनिरीक्षक (लिपिक) और सहायक उपनिरीक्षक (लेखा) के पदों पर सीधी भर्ती का इंतजार खत्म हो गया है। भर्ती बोर्ड ने ऑफलाइन लिखित परीक्षा की तारीख घोषित कर दी है। परीक्षा 1 और 2 नवंबर को बरेली समेत प्रदेश के 10 जिलों में होनी है। बरेली जनपद में परीक्षा के लिए 15 केंद्र बनाए गए हैं। जिसमें 12,960 अभ्यर्थी शामिल होंगे।
डीआईजी अजय कुमार साहनी ने बताया कि बरेली समेत लखनऊ, कानपुर नगर, मुरादाबाद, गोरखपुर, झांसी, प्रयागराज, मेरठ और वाराणसी में भी परीक्षा आयोजित की जाएगी। बरेली जिले में कुल 15 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। 1 नवंबर को 6,960 परीक्षार्थी और 2 नवंबर को 6,000 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। हर परीक्षा केंद्र पर एक प्रभारी निरीक्षक, पांच सब इंस्पेक्टर, महिला और पुरुष पुलिसकर्मियों की टीम तैनात की गई है। परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र वाले जिले की सूचना एक सप्ताह पहले जारी की जाएगी, जबकि प्रवेश पत्र परीक्षा तिथि से तीन दिन पहले डाउनलोड के लिए उपलब्ध होंगे।
डीआईजी ने बताया कि जिले के सभी परीक्षा केंद्रों पर ट्रैफिक और भीड़ प्रबंधन की जिम्मेदारी एसपी ट्रैफिक अकमल खान को सौंपी गई है। हर केंद्र की लाइव मॉनिटरिंग की जाएगी। संदिग्ध गतिविधियों पर फौरन कार्रवाई के लिए कंट्रोल रूम से सीधी लिंकिंग की जाएगी। महिला अभ्यर्थियों के लिए महिला पुलिस बल की विशेष तैनाती की गई है। सभी परीक्षा केंद्रों को निगरानी दायरे में रखा गया है। सीसीटीवी कैमरे, वीडियोग्राफी और गश्ती दल की मदद से नकलविहीन और पारदर्शी परीक्षा कराई जाएगी। अभ्यर्थियों को पूरी सुरक्षा के साथ शांतिपूर्ण माहौल में परीक्षा दिलाई जाएगी।
परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए विशेष निर्देश
-एडमिट कार्ड और पहचान पत्र के बिना एंट्री नहीं मिलेगी।
-रिपोर्टिंग टाइम से 45 मिनट पहले परीक्षा केंद्र पहुंचना अनिवार्य।
-परीक्षा केंद्र की वीडियोग्राफी होगी, संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत निरस्त कर दिया जाएगा पेपर।
-अभ्यर्थी सिर्फ सादी पोशाक में आएं, जेब आदि की अतिरिक्त चेकिंग होगी।
-गेट बंद होने के बाद किसी भी परिस्थिति में प्रवेश नहीं दिया जाएगा
जल्द से जल्द इन मिलों की नीलामी कर किसानों का भुगतान कराने के निर्देश दिए। बैठक में अनु सचिव विनोद कुमार यादव, समीक्षा अधिकारी सौरभ दीक्षित, प्रतिवेदक अर्चित वाजपेयी, अपर निजी सचिव विकास यादव, अधिकारियों में डीएम बरेली अविनाश सिंह, डीएम बदायूं ब्रजेश कुमार सिंह, एसएसपी बदायूं, सीडीओ बरेली/बदायूं आदि समेत कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
