लखीमपुर खीरी : तिकुनिया में तेंदुआ हुआ कैद, ग्रामीणों ने ली राहत
चाची के साथ आ रही बच्ची को बनाया था निवाला
लखीमपुर खीरी, अमृत विचार: उत्तर निघासन वन रेंज बेलरायां के तहत कोतवाली तिकुनिया क्षेत्र में चाची के साथ आ रही बच्ची को निवाला बनाने वाला तेंदुआ गुरुवार की रात बकरी के लालच में वन विभाग के पिंजड़े में कैद हो गया। वह पिछले कई दिनों से गंगानगर और रामनगर क्षेत्र में देखा जा रहा था।
गांव रननगर निवासी रंजीत सिंह की आठ साल की बच्ची अपनी चाची के साथ नौ अक्टूबर को गांव के चौराहा पर अपनी दवा लेने गई थी. वापस आते समय तेंदुआ उसे रास्ते से उठा ले गया था और अपना निवाला बना डाला था। इससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई थी। घटना के बाद से भी तेंदुआ अक्सर गांव के आसपास दिखाई देता और घरों के पास जानवरों पर हमला करता रहा। वन विभाग ने तेंदुए को पकड़ने के लिए गांव के निकट पिंजड़ा लगाया था और उसमें बकरी बांधी थी। गुरुवार की रात तेंदुआ शिकार के लालच में पिंजड़े में पहुंच गया और कैद हो गया। वन क्षेत्राधिकारी भूपेंद्र सिंह ने बताया कि तेंदुए का चितिच्सीय परीक्षण कराया जा रहा है। इसके बाद उसे प्राकृतिक आवास में जहां उच्चाधिकारियों का आदेश होगा, वहां छोड़ा जाएगा। तेंदुए के पकड़े जाने के बाद लोगों ने राहत महसूस की है।
