लखीमपुर : मैगलगंज टोल प्लाजा से भागा नाबालिग बंदी

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

जुवेनाइल कोर्ट हरदोई ले जा रही थी खमरिया पुलिस

खमरिया/मैगलगंज, अमृत विचार: खमरिया थाना पुलिस की अभिरक्षा में जुवेनाइल कोर्ट हरदोई ले जाया जा रहा 17 वर्षीय नाबालिग आरोपी गुरुवार को दिनदहाड़े मैगलगंज टोल प्लाजा से पुलिस को चकमा देकर भाग निकला।आरोपी की तलाश के लिए पुलिस ने सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है।

थाना खमरिया क्षेत्र के एक गांव की 17 वर्षीय किशोरी को बहला-फुसलाकर भगाने का आरोप लगाते हुए उसके पिता ने 15 अक्टूबर 2025 को तहरीर दी थी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने 17 साल के किशोरी, हरिशंकर और हरिमोहन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। गुरुवार को पुलिस ने आरोपी किशोर को गिरफ्तार कर लिया था और एसआई प्रदीप कुमार यादव, मुख्य आरक्षी गेंदन लाल और आरक्षी गौरव के साथ उसे जुवेनाइल कोर्ट हरदोई ले जाया जा रहे थे, तभी मैगलगंज टोल प्लाजा पर आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। आरोपी के फरार होने के बाद प्रभारी निरीक्षक थाना खमरिया ओपी राय टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। टोल प्लाजा का सीसीटीवी फुटेज खंगाला गया और आसपास के गन्ने के खेतों की तलाशी ली गई। गुरुवार से शुक्रवार तक चलाए गए सर्च ऑपरेशन के बावजूद आरोपी का कोई पता नहीं चला। शुक्रवार को भी पूरे दिन उसकी तलाश में पुलिस की टीमें धूल फांकती रहीं। उसके गांव से लेकर रिश्तेदारियों, बस स्टैंडों और ट्रेनों में भी पुलिस सघन चेकिंग अभियान चला रही है, लेकिन उसका दूसरे दिन भी कोई पता नहीं चल सका है। प्रभारी निरीक्षक ओपी राय ने बताया कि आरोपी की तलाश जारी है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

पुलिस की लापरवाही पर उठे सवाल
पुलिस की लापरवाही पर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसे संवेदनशील मामलों में पुलिस की ढीली सुरक्षा गंभीर चिंता का विषय है। अगर आरोपी पुलिस की पकड़ से इतने आसानी से भाग सकता है, तो सुरक्षा व्यवस्था पर भरोसा कैसे किया जाए? एक स्थानीय नागरिक ने सवाल उठाया। इस घटना के बाद खमरिया पुलिस पर जवाबदेही और सख्ती से कार्रवाई के दबाव में वृद्धि हुई है। अधिकारी अब आसपास के जिलों की पुलिस टीमों के साथ संयुक्त सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं।

संबंधित समाचार