'मंगलमान एप'' से करें मूर्तियां का ई-विसर्जन, नगर आयुक्त ने लांच किया एप का वेब वर्जन, डाइल करें टोल फ्री नंबर
आस्था एक्सप्रेस से भी किया जाएगा मूर्तियों का संग्रह
लखनऊ, अमृत विचार: आस्था और पर्यावरण संरक्षण के समन्वय से चलाए जा रहे ''मंगलमान ई-विसर्जन'' अभियान को नया पड़ाव मिला है। शुक्रवार को नगर आयुक्त गौरव कुमार ने दीपावली पर मूर्तियों का ई-विसर्जन करने के लिए व्यापारियों व समाजसेवियों के साथ ''मंगलमान एप'' का वेब वर्जन लांच किया है।
नगर आयुक्त ने बताया कि ''मंगलमान एप'' नागरिकों को प्रतिमा विसर्जन के लिए पर्यावरण-अनुकूल और सम्मानजनक तरीका अपनाने में मदद करेगा। एप पर आसपास क्षेत्रों में समाजसेवियों द्वारा बनाए गए मूर्तियों के संग्रह स्थल की जानकारी मिलेगी। जहां लोग मूर्तियों को रखेंगे और समाजसेवियों द्वारा एकत्र करके विजर्सन किया जाएगा। इसके अलावा नगर निगम के सभी जोन में संचालित ''आस्था एक्सप्रेस'' मूर्तियों व पूजन सामग्री एकत्र करके विसर्जित करेगी। सभी जोन में लगे वाहनों के नंबर जारी किए हैं। मंगलमान संयोजक प्रो. डॉ. रामकुमार तिवारी ने कहा कि एप का वेब वर्जन लॉन्च किया है जल्द इसका एंड्रॉयड वर्जन भी आएगा। इसके माध्यम से अपने आस-पास के सभी विसर्जन एवं संग्रह केंद्रों की जानकारी ले सकते हैं। यदि कोई व्यक्ति चाहता है कि मूर्ति संग्रह उसके घर से हो, तो ''डोर-टू-डोर कलेक्शन'' की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। इस अवसर पर अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप बंसल ने कहा कि एप पर अनेक स्थानों पर स्थापित किए गए उन मूर्ति संग्रह स्थलों की जानकारी भी दी, जहां कच्ची मिट्टी की मूर्तियां उपलब्ध हैं। मूर्ति खरीदते समय वे स्वदेशी का भाव रखें, इससे स्थानीय मूर्ति कलाकारों को लाभ मिल सके। इस दौरान मंगलमान कार्यकर्ता सुरेश छबलानी, मोहित वर्मा, आकाश गौतम, नवल पांडे, संजय निधि अग्रवाल आदि उपस्थित रहे।
इन नंबर पर कर सकते संपर्क
- टोल फ्री-1533
- मोबाइल नंबर-9219902911, 9219902912, 9219902913, 9219902914
- एलएसए टोल फ्री नंबर -18001234999
- एलएसजी टोल फ्री नंबर -18002026172
पूजित मूर्तियों के ससम्मान एकत्रीकरण व हो ई-विसर्जन
पूजित मूर्तियों के ससम्मान एकत्रीकरण और विसर्जन को सुव्यवस्थित व पर्यावरण-अनुकूल बनाने के लिए शुक्रवार को नगर निगम कार्यालय में बैठक हुई। अध्यक्षता अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप बंसल ने की। नगर आयुक्त गौरव कुमार की मौजूदगी में मंगलमान अभियान के अंतर्गत ई-विसर्जन ऐप लॉन्च किया गया। पूजित मूर्तियों के वैज्ञानिक और सम्मानजनक विसर्जन की प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा। बैठक में यह निर्णय लिया गया कि राजधानी में नगर निगम के सहयोग से इस बार मूर्ति विसर्जन के लिए विशेष भगीरथ प्रयास किए जाएंगे। इस चर्चा में मंगलमान अभियान के संयोजक प्रो. रामकुमार तिवारी, लखनऊ महानगर अध्यक्ष सुरेश छाबलानी, प्रदेश महामंत्री आकाश गौतम, मोहित वर्मा, संजय निधि अग्रवाल और शिव अग्रवाल सहित व्यापारी उपस्थित रहे।
